वृंदावन में संत प्रेमानंद के शिष्य की मौत, पोस्टमार्टम में सामने आईं गंभीर चोटें

KNEWS DESK- संत प्रेमानंद के दीक्षित शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की चौथी मंजिल से गिरने के बाद गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई। घटना 25 सितंबर की है। 25 वर्षीय दीपक लोधी मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित नर्मदा बस्ती फरहदुली के निवासी थे और वृंदावन में श्रीराधा केलिकुंज आश्रम के पास बने गुरुकृपा कुंज अपार्टमेंट में रहते थे।

बताया गया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे दीपक चौथी मंजिल की छत से कूद गए। इससे पहले उन्होंने टाइल्स काटने वाली ग्राइंडर से अपना गुप्तांग काट लिया था। अन्य साधक उन्हें हाईवे स्थित सर्वोदय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां करीब डेढ़ घंटे तक चिकित्सकों ने उपचार किया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत गंभीर बनी रही। चिकित्सकों ने घाव पर पांच टांके लगाए। सिर में गहरा घाव होने के कारण 14 टांके लगाए गए। उनके बाएं पैर का टखना भी टूट गया था।

डॉ. अनुराग गुप्ता और डॉ. देवेंद्र कुशवाहा के पैनल ने करीब 40 मिनट तक पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में सामने आया कि ऊंचाई से गिरने के कारण सिर और मस्तिष्क में खून का थक्का जम गया था और सिर में फ्रैक्चर भी हुआ था। बाईं ओर की छाती की चार पसलियां टूटकर फेफड़े में धंस गई थीं, जिससे बायां फेफड़ा भी फट गया था।

दीपक के साथ अनैतिक कृत्य की आशंका को लेकर चिकित्सकों ने स्लाइड भी तैयार की है। सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि चिकित्सकों ने गुप्तांग पर टांके लगाए थे, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *