Asian Games 2026: कुमकुम मोहोद ने रचा इतिहास, शूट-ऑफ में जीता गोल्ड

Knews Desk– 17 वर्षीय कुमकुम मोहोद ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिला रिकर्व एकल स्पर्धा के फाइनल में दक्षिण कोरिया की येजिन ओह को रोमांचक मुकाबले में शिकस्त देकर गोल्ड मेडल जीता। यह तीरंदाजी में भारत का पांचवां गोल्ड मेडल है। कुमकुम ने यह मुकाबला शूट-ऑफ तक पहुंचने के बाद अपने नाम किया।फाइनल मुकाबले में कुमकुम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वह पहले सेट में 27-29 से हार गईं। इसके बाद दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने 29-29 का स्कोर किया। इस तरह दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी मुकाबले में 3-1 से आगे थीं। इसके बावजूद कुमकुम ने धैर्य बनाए रखा और तीसरे सेट में शानदार वापसी की।

तीसरे सेट में कुमकुम ने तीन परफेक्ट-10 स्कोर करते हुए कुल 30 अंक हासिल किए। वहीं येजिन ओह 29 अंक ही बना सकीं। इस सेट को जीतकर कुमकुम ने मुकाबला 3-3 से बराबरी पर ला दिया। चौथे सेट में भारतीय तीरंदाज 27-28 से हार गईं, जिससे दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी को फिर बढ़त मिल गई।इसके बाद पांचवां सेट निर्णायक साबित हुआ। कुमकुम ने दबाव के बीच एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए परफेक्ट 30 का स्कोर किया और सेट अपने नाम कर लिया। दोनों खिलाड़ियों के 5-5 अंक होने के बाद गोल्ड मेडल का फैसला शूट-ऑफ से किया गया।शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया की येजिन ओह से गलती हुई और उन्होंने 8 का स्कोर किया। इसके बाद कुमकुम के लिए स्वर्ण पदक जीतने का रास्ता साफ हो गया। शूट-ऑफ में जो खिलाड़ी निशाने के मध्य बिंदु के ज्यादा करीब तीर लगाता है, उसे विजेता घोषित किया जाता है। कुमकुम ने इस मौके का फायदा उठाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

इस गोल्ड के साथ कुमकुम मोहोद ने एशियन गेम्स 2026 में मेडल की हैट्रिक भी पूरी कर ली। उन्होंने महिला रिकर्व एकल स्पर्धा के गोल्ड से पहले एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता था। इस तरह 2026 एशियन गेम्स में उनके नाम कुल तीन मेडल हो गए हैं, जिसमें दो गोल्ड और एक सिल्वर शामिल है।एशियन गेम्स 2026 में भारतीय तीरंदाजों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। तीरंदाजी में दक्षिण कोरिया को लंबे समय से मजबूत टीम माना जाता है, लेकिन इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। कुमकुम की जीत भी इसी शानदार प्रदर्शन का हिस्सा है।कुमकुम के गोल्ड मेडल के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की संख्या 77 हो गई है। भारत ने अब तक 17 गोल्ड, 24 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज सहित कुल 77 मेडल जीते हैं। पदक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर है। भारत से ऊपर उज्बेकिस्तान है, जिसके नाम 20 गोल्ड समेत 65 मेडल हैं। शीर्ष पर चीन 162 गोल्ड सहित कुल 317 मेडल के साथ है, जबकि जापान 72 गोल्ड समेत 240 मेडल के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया 33 गोल्ड सहित 135 मेडल के साथ तीसरे स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *