KNEWS DESK- मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को CJP की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शन को लेकर मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।
प्रदर्शन में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी और संगीतकार विशाल ददलानी समेत कई फिल्मी हस्तियां नजर आईं। निर्देशक और संगीतकार विशाल भारद्वाज भी प्रदर्शन में पहुंचे। नसीरुद्दीन शाह ने अभिजीत दिपके से मुलाकात की और उनके काम की सराहना की।
CJP की ओर से यह प्रदर्शन चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठाते हुए किया गया। संगठन ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ SIR को रोकने और मतदाता सूची से जुड़े बदलावों पर भी आपत्ति जताई है। चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को खारिज करते हुए SIR को पात्र मतदाताओं की सूची सुनिश्चित करने की प्रक्रिया बताया है।
अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती। CJP ने इससे पहले 2 अक्टूबर को मुंबई से राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा की थी।
इससे पहले मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद CJP ने आंदोलन आयोजित किया और इसे ‘जेल भरो आंदोलन’ का नाम दिया। प्रदर्शन के मद्देनजर शिवाजी पार्क और आसपास के इलाकों में पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और रिजर्व फोर्स की तैनाती की गई।