भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। लालरेमसियामी के एकमात्र गोल ने भारत को जीत दिलाई। इस गोल्ड के साथ भारतीय टीम ने लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 का टिकट भी हासिल कर लिया।
Knews Desk – एशियन गेम्स 2026 में विमेंस हॉकी का फाइनल भारत और चीन के बीच खेला गया। शुक्रवार, 2 अक्टूबर को काकामिगाहारा के गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से हराया। भारतीय टीम के लिए मैच का इकलौता गोल लालरेमसियामी ने दागा।
इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है। इसके अलावा टीम ने लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
पहला क्वार्टर भारतीय टीम के नाम रहा। सलीमा टेटे और साक्षी के शानदार दांव-पेंच के बाद लालरेमसियामी के जोरदार रिवर्स-हिट फिनिश ने भारत को बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद भारतीय टीम ने अपनी बढ़त को बनाए रखने की कोशिश की।
दूसरे क्वार्टर में चीन ने आक्रामक खेल दिखाया। चीन को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। इसके अलावा 23वें मिनट में चीन को पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, लेकिन वह उसे गोल में नहीं बदल सका। पेनल्टी स्ट्रोक झांग यिंग ने लिया, लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए गोल होने से रोक दिया।
तीसरे क्वार्टर में भी चीन ने लगातार कई मूव्स बनाए, लेकिन भारतीय गोलकीपर और डिफेंडर्स ने चीन के हर अटैक को नाकाम कर दिया। इस क्वार्टर में चीन को कुल तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले।
एक मौके पर रेफरी ने चीन को पेनल्टी स्ट्रोक भी दे दिया था, लेकिन भारतीय टीम के रिव्यू लेने के बाद फैसला बदला गया और इसे पेनल्टी कॉर्नर में तब्दील कर दिया गया।
चौथे क्वार्टर में भी चीनी खिलाड़ियों ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने हर हमले को नाकाम कर दिया। आखिरी सीटी बजने तक भारत ने अपनी 1-0 की बढ़त कायम रखी और गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया।
भारतीय महिला हॉकी टीम इससे पहले 1998 और 2018 में एशियन गेम्स के फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन क्रमशः साउथ कोरिया और जापान से हारने के बाद उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। भारत ने 1986, 2006, 2014 और 2022 के एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारतीय टीम में बिछू देवी (गोलकीपर), सलीमा टेटे (कप्तान), नवनीत कौर, निक्की प्रधान, दीपिका, लालरेमसियामी, नेहा, ज्योति, सुशीला चानू, इशिका चौधरी, सुनेलिता टोप्पो, शिल्पी डबास, सविता पूनिया (गोलकीपर), इशिका, साक्षी राणा, ऋतुजा दादासो पिसल, लालथंतलुआंगी और बलजीत कौर शामिल रहीं।
भारतीय महिला हॉकी टीम की यह जीत एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गई है।