KNEWS DESK- Xiaomi 17T की कीमत एक बार फिर बढ़ा दी गई है। कंपनी ने फोन के दोनों वेरिएंट के दाम 5,000 रुपये बढ़ा दिए हैं। कीमत बढ़ने के बाद फोन की शुरुआती कीमत 69,999 रुपये हो गई है। फोन में 6,500mAh बैटरी, 120Hz AMOLED डिस्प्ले और 50MP कैमरे जैसे फीचर्स मिलते हैं।

Xiaomi ने अपने प्रीमियम स्मार्टफोन Xiaomi 17T की कीमत में एक बार फिर बढ़ोतरी की है। कंपनी ने इसके 12GB RAM + 256GB और 12GB RAM + 512GB स्टोरेज वाले दोनों मॉडल के दाम बढ़ाए हैं। फेस्टिव सीजन की सेल शुरू होने से पहले फोन की कीमत बढ़ाई गई है। Xiaomi जल्द ही अपना नया फ्लैगशिप फोन Xiaomi 18 Pro भी भारत में लॉन्च करने वाली है। कंपनी भारत में इसकी लॉन्चिंग की पुष्टि कर चुकी है। चीन में Xiaomi 18 Pro को Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 6 चिपसेट के साथ पेश किया गया है।
Xiaomi 17T की नई कीमत
Xiaomi 17T पहले भारत में 64,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध था। अब 5,000 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी शुरुआती कीमत 69,999 रुपये हो गई है। वहीं, 12GB RAM + 512GB स्टोरेज वाले टॉप मॉडल की कीमत 69,999 रुपये से बढ़कर 74,999 रुपये हो गई है। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर नई कीमत अपडेट कर दी है। Amazon पर भी फोन की नई कीमत दिखाई दे रही है। Xiaomi 17T को भारत में 59,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। नई कीमत के बाद फोन लॉन्च कीमत के मुकाबले 10,000 रुपये महंगा हो गया है। यह स्मार्टफोन ब्लैक, ब्लू और वायलेट कलर में उपलब्ध है। इसकी कीमत में पहली बार जुलाई में बढ़ोतरी की गई थी और अब कुछ ही हफ्तों बाद कंपनी ने फिर से इसके दाम बढ़ा दिए हैं।
Xiaomi 17T के स्पेसिफिकेशन
Xiaomi 17T में 6.59 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है। इसमें 1.5K रेजलूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass 7i दिया गया है। फोन में परफॉर्मेंस के लिए MediaTek Dimensity 8500-Ultra चिपसेट मिलता है। इसमें 12GB तक RAM और 512GB तक स्टोरेज का विकल्प दिया गया है। फोन में 6,500mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 67W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इसमें 22.5W रिवर्स चार्जिंग का फीचर भी मिलता है। इसकी मदद से फोन से दूसरे डिवाइस को भी चार्ज किया जा सकता है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो Xiaomi 17T के रियर पैनल पर ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50MP का मेन कैमरा, 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 12MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 50MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। सॉफ्टवेयर के मामले में Xiaomi 17T Android 16 पर आधारित HyperOS 3 पर चलता है।