महज 2 करोड़ से कम के बजट में बनी भक्ति ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म 55 दिनों से सिनेमाघरों में कमाई कर रही है और अब तक दुनिया भर में 400 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म की प्रोड्यूसर ने अब इसके सीक्वल के बजट को लेकर बड़ी बात कही है।
Knews Desk – टे बजट की भक्ति ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। महज 2 करोड़ से भी कम के बजट में बनी यह फिल्म थिएटर्स में 55 दिनों से शानदार कमाई कर रही है। अब तक दुनिया भर में 400 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है।
बिना किसी बड़े स्टारकास्ट या भारी-भरकम प्रमोशन के रिलीज हुई इस फिल्म को वर्ड ऑफ माउथ का जबरदस्त फायदा मिला है। फिल्म की सफलता को देखते हुए इसके सीक्वल का काम भी शुरू हो चुका है और इसे लेकर दर्शकों के बीच काफी बज बना हुआ है। हालांकि, अब प्रोड्यूसर ने साफ कर दिया है कि पार्ट 2 को ज्यादा बजट से नहीं बनाया जाएगा।
नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बेस्ड इस फिल्म की शुरुआत सिनेमाघरों में बेहद धीमी रही थी। फिल्म ने पहले हफ्ते में महज 1.08 करोड़ रुपये कमाए थे। लेकिन तीसरे हफ्ते से फिल्म ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि बड़े-बड़े ट्रेड एनालिस्ट्स भी हैरान रह गए।
हाल ही में दैनिक भास्कर से बातचीत में फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने सीक्वल को लेकर बड़ी जानकारी दी। उनसे पूछा गया था कि पहली फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद क्या सीक्वल का बजट बढ़ाया जाएगा।
‘हनुमान अंश 2’ का बजट क्यों नहीं बढ़ेगा?
अनुप्रिया नागर ने कहा कि उनकी सोच बिल्कुल साफ है। उनका मानना है कि दूसरी फिल्म का बजट भी पहली फिल्म जैसा ही होना चाहिए। सिर्फ 10 या 20 करोड़ रुपये ज्यादा लगाने से फिल्म बेहतर नहीं हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि ज्यादा बजट की वजह से VFX या AI का फालतू इस्तेमाल हो सकता है, जिसकी कहानी को शायद जरूरत न हो। इससे फिल्म की असलियत पर भी असर पड़ सकता है।
सीक्वल में किस चीज पर रहेगा फोकस?
प्रोड्यूसर के मुताबिक, फिल्म का बजट बढ़ाने से ज्यादा जरूरी उस दुनिया की असलियत को बनाए रखना है। जिस दौर की कहानी दिखाई जा रही है, उसमें सिर्फ किरदार ही अहम नहीं हैं, बल्कि उस समय का नजारा, विजुअल टेक्सचर, माहौल और पूरी दुनिया भी उतनी ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि असलियत बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। दर्शकों ने फिल्म को बहुत प्यार और सपोर्ट दिया है, इसलिए पैसे बर्बाद नहीं किए जा सकते। हालांकि, अगर अगली कहानी के लिए वास्तव में ज्यादा बजट की जरूरत हुई, तो बजट बढ़ाया जाएगा।
हाल ही में फिल्म के सीक्वल में अक्षय कुमार की एंट्री की खबरें भी सामने आई थीं। हालांकि, सोशल मीडिया पर चल रही इन खबरों को खारिज कर दिया गया है। खुद प्रोड्यूसर ने साफ किया था कि अक्षय कुमार फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।