बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को लेकर चिंताजनक खबर सामने आई है। बाली में हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर्स ने उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की बात कही है। अब उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाने की तैयारी की जा रही है।
Knews Desk – बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को लेकर एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। काम और वेकेशन के सिलसिले में बाली गईं नुसरत एक हादसे का शिकार हो गई हैं। एक्सीडेंट में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर आया है। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
अब नुसरत भरूचा के एक्सीडेंट पर उनकी टीम ने ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी किया है। फिलहाल नुसरत बाली के एक हॉस्पिटल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। डॉक्टर्स ने आगे की जांच के बाद बताया है कि नुसरत की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी।
नुसरत की टीम के मुताबिक, इस समय उनकी हेल्थ सबसे पहली प्रायोरिटी है और उन्हें जरूरी मेडिकल फैसिलिटी उपलब्ध कराना जरूरी है। टीम उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाने की प्लानिंग कर रही है, जहां उनकी सर्जरी की जाएगी।
एयर एंबुलेंस से लाया जाएगा मुंबई
नुसरत की टीम और परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बाली में शुरुआती इलाज के बाद अब उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई वापस लाने की तैयारियां की जा रही हैं। मुंबई पहुंचने के बाद डॉक्टरों की देखरेख में उनकी रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की जाएगी।
चोट की गंभीरता और सर्जरी को देखते हुए नुसरत को आराम करने और स्वस्थ होने के लिए काफी समय की जरूरत होगी। टीम ने बताया कि मेडिकल इमरजेंसी के चलते आने वाले कुछ हफ्तों तक उनकी प्रोफेशनल कमिटमेंट्स पर असर पड़ सकता है।
फैन्स से की प्राइवेसी की अपील
नुसरत भरूचा की टीम ने सभी से उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है। टीम ने कहा कि इस समय नुसरत को अपने इलाज पर ध्यान देने के लिए समय और जगह दी जाए।
टीम ने नुसरत के लिए चिंता जाहिर करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया है। साथ ही कहा है कि सही समय पर उनकी हेल्थ को लेकर आगे की जानकारी शेयर की जाएगी।
इन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं नुसरत
नुसरत भरूचा को आखिरी बार कॉमेडी थ्रिलर फिल्म ‘उफ्फ ये सियापा’ में सोहम शाह के साथ देखा गया था। यह फिल्म 2025 में रिलीज हुई थी। इसके अलावा ‘छोरी 2’ और ‘बन टिक्की’ भी उनकी फिल्मों की लिस्ट में शामिल हैं।
फिलहाल नुसरत की हेल्थ सबसे बड़ी प्राथमिकता है और उनके फैन्स उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।