दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अलर्ट, 11 मेट्रो स्टेशन बंद

KNEWS DESK- दिल्ली में आज जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 11 स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यात्री इन स्टेशनों के अंदर एक लाइन से दूसरी लाइन में मेट्रो बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।

बंद किए गए 11 स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक रेगुलेशन और डायवर्जन लागू किया है। जंतर-मंतर रोड को वाहनों के लिए पूरी तरह बंद किया गया है, जबकि संसद मार्ग पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है। कनॉट प्लेस से पटेल चौक और जीपीओ की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जा रहा है।

टॉल्स्टॉय मार्ग, अशोका रोड, जीपीओ और कस्तूरबा गांधी मार्ग पर भी ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है। गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के कार्यक्रमों के कारण राजघाट, ITO, दिल्ली गेट और रिंग रोड पर भी विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू है।

नई दिल्ली जिला पुलिस प्रशासन ने जंतर-मंतर, संसद मार्ग और कनॉट प्लेस सब-डिविजन में BNSS की धारा 163 लागू की है। बिना अनुमति जुलूस, धरना, प्रदर्शन और 5 या अधिक लोगों के जमावड़े पर प्रतिबंध है। यात्रियों को सेंट्रल दिल्ली जाने से पहले अतिरिक्त समय लेकर निकलने और DMRC के आधिकारिक अपडेट से मेट्रो स्टेशनों का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *