मायावती का सपा पर हमला, बोलीं- PDA का वोट चाहिए, टिकट परिवार और पूंजीपतियों को

Knews Desk– उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बीच बसपा प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। मायावती ने आरोप लगाया कि सपा खुद को PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की पार्टी बताती है, लेकिन टिकट वितरण में परिवारवाद और बड़े पूंजीपतियों को प्राथमिकता देती है।

मायावती ने रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी की राज्यसभा उम्मीदवारी का हवाला देते हुए कहा कि सपा को PDA का वोट चाहिए, लेकिन सांसद और विधायक बनाने के लिए परिवार के लोगों और बड़े पूंजीपतियों को टिकट दिया जाता है। मायावती ने कहा कि बसपा किसी भी चुनाव में अपने परिवार, सगे-संबंधियों या भाई-भतीजों को टिकट देने की नीति नहीं अपनाती। उनके मुताबिक पार्टी गरीब, मध्यम वर्ग और कमजोर तबकों से जुड़े कर्मठ अंबेडकरवादी कार्यकर्ताओं को उम्मीदवार बनाती है।

रामगोपाल यादव सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चाचा हैं और पार्टी ने उन्हें दोबारा राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। वहीं धनराज परिमल नाथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े वरिष्ठ कॉरपोरेट अधिकारी हैं और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

मायावती ने सपा के संभावित तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने दावा किया कि तीसरा उम्मीदवार पहले की तरह फेस सेविंग और चुनाव हारने के लिए हो सकता है। साथ ही उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दलित, आदिवासी, अति-पिछड़े, मुस्लिम, अन्य धार्मिक अल्पसंख्यक और गरीब अपरकास्ट समाज के लोगों से बसपा से जुड़ने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *