सुरक्षा हटे तो भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं…. CM योगी का विपक्ष पर निशाना

KNEWS DESK- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में आयोजित पुलिस पदक अलंकरण समारोह में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस सुधारों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बंद कमरे में बैठकर किसी पर टिप्पणी करना आसान है, लेकिन बाहर सुरक्षा का इंतजाम हो, तभी चिंतन और चर्चा संभव है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति कितना भी बड़ा क्यों न हो, अगर उसकी सुरक्षा हटा दी जाए और अराजकता का माहौल बन जाए तो उसे भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं लगेगी।

सीएम योगी ने 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय प्रदेश के कई जिलों में दुर्दांत माफियाओं का बोलबाला था। उनके मुताबिक माफिया समानांतर सरकारें चलाते थे और पुलिस उनके सामने मजबूर नजर आती थी। उन्होंने कहा कि अगर राजनीतिक नेतृत्व की रीढ़ ही टेढ़ी हो तो कानून-व्यवस्था को सीधा करना मुश्किल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद उनकी सरकार ने पुलिस सुधारों पर काम किया और पुलिस को आधुनिक संसाधनों से लैस किया। प्रदेश में 14 लाख से अधिक कैमरे लगाए गए हैं और सात पुलिस कमिश्नरेट काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में उन्होंने 87 इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी भी दिखाई। सीएम योगी ने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम थे। उन्होंने पुलिस की बुनियादी सुविधाओं और प्रशिक्षण क्षमता की स्थिति का भी जिक्र किया।

कार्यक्रम में उन्होंने एसटीएफ इंस्पेक्टर सुनील कुमार को याद किया, जिन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र मिला। मुख्यमंत्री के मुताबिक, 22 जनवरी 2025 को चार अपराधियों के साथ मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस दिखाया था। बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीएम योगी ने उनकी पत्नी मुनेश देवी को सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *