15 की उम्र में दुनिया पर छाया वैभव सूर्यवंशी, TIME 100 Next 2026 में बनाई जगह

Knews Desk– भारतीय क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 15 साल के वैभव ने इस बार क्रिकेट के मैदान से बाहर इतिहास रचा है। उन्हें टाइम मैगजीन की TIME 100 Next 2026 लिस्ट में शामिल किया गया है। यह सूची दुनिया भर में भविष्य की रूपरेखा तय करने वाले उभरते सितारों और प्रभावशाली युवाओं को पहचान देती है। वैभव इस पूरी लिस्ट में शामिल होने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति हैं।टाइम मैगजीन ने वैभव सूर्यवंशी को ‘फीनॉम’ कैटेगरी में जगह दी है। खेल जगत से इस लिस्ट में शामिल होने वाले अन्य छह खिलाड़ियों में अमेरिकी फुटबॉल क्वार्टरबैक आर्च मैनिंग, एनबीए स्टार टाइरीस मैक्सी, महिला फुटबॉलर नाओमी गिरमा, स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन, टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंड्रा ईला और बास्केटबॉल स्टार ओलिविया माइल्स शामिल हैं।

वैभव सूर्यवंशी का क्रिकेटिंग सफर बेहद कम उम्र में ही बड़ी उपलब्धियों से भर गया है। साल 2024 के IPL ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें सिर्फ 13 साल की उम्र में अपनी टीम में शामिल किया था। इसके साथ ही वह IPL इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। इतनी कम उम्र में दुनिया की सबसे चर्चित क्रिकेट लीग में जगह बनाना उनके करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा।इसके अगले ही साल वैभव सूर्यवंशी ने अपना डेब्यू किया और पुरुषों के टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया। उनके प्रदर्शन ने क्रिकेट जगत में उनकी पहचान को और मजबूत किया। कम उम्र के बावजूद उनके खेल और रिकॉर्ड्स ने उन्हें भविष्य के बड़े क्रिकेट सितारों की सूची में ला खड़ा किया।

वैभव की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने इस मामले में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतनी कम उम्र में भारत का प्रतिनिधित्व करना भी उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।फिलहाल वैभव सूर्यवंशी एशियन गेम्स में भारतीय दल का हिस्सा हैं और यहां भी वह भारतीय दल के सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हैं। ऐसे में TIME 100 Next 2026 की सूची में उनका नाम शामिल होना उनके बढ़ते कद को दर्शाता है।15 साल की उम्र में IPL, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और अब TIME 100 Next जैसी प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाना वैभव सूर्यवंशी के छोटे से करियर की बड़ी उपलब्धियों को दिखाता है। उनकी कहानी इस बात की मिसाल है कि बेहद कम उम्र में भी प्रतिभा और प्रदर्शन के दम पर वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *