174 लोगों की जान बचाने वाले स्मित मछार को मिलेगा इजराइल का बड़ा सम्मान? जानें दावे की सच्चाई

KNEWS DESK- फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 174 लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की दुनियाभर में चर्चा हो रही है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू उन्हें हीरो बता चुके हैं। अब सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि स्मित मछार को इजराइल का प्रेसिडेंट मेडल ऑफ ऑनर दिया जा सकता है।

इजराइल के राष्ट्रपति की ओर से दिया जाने वाला प्रेसिडेंट मेडल ऑफ ऑनर उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने हुनर, सेवा या किसी अन्य तरीके से इजराइल या पूरी मानवता के लिए असाधारण योगदान दिया हो। इसकी शुरुआत इजराइल के नौवें राष्ट्रपति शिमोन पेरेस ने की थी और पहली बार यह सम्मान 2012 में दिया गया था। इसके लिए राष्ट्रपति के पास एक एडवाइजरी कमेटी नामों की सिफारिश करती है।

हालांकि, फिलहाल इजराइल की ओर से कैप्टन स्मित मछार को यह सम्मान देने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। राष्ट्रपति की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह सम्मान केवल इजराइली नागरिकों तक सीमित नहीं है और विदेशों के लोगों को भी दिया जा सकता है।

वहीं, स्मित मछार को जीवनभर इजराइल का सरकारी मेहमान बनाए जाने का दावा भी आधिकारिक जानकारी से पुष्ट नहीं होता। प्रेसिडेंट मेडल ऑफ ऑनर के साथ ऐसी किसी सुविधा का उल्लेख नहीं है।

इजराइल में नागरिक वीरता सम्मान भी है, जो असाधारण बहादुरी दिखाकर किसी की जान बचाने वाले नागरिकों के लिए है, लेकिन यह सम्मान इजराइली नागरिकों के लिए है। फिलहाल स्मित मछार को लेकर इजराइल की ओर से सार्वजनिक रूप से सामने आया प्रमुख सम्मान प्रधानमंत्री नेतन्याहू का उन्हें हीरो कहना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *