KNEWS DESK- फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में 30 सितंबर 2026 को कॉकपिट के अंदर हुई हिंसक घटना में भारतीय कैप्टन स्मित मछार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग सऊदी अरब के तबूक में कराई गई। इस घटना के बीच कैप्टन स्मित मछार की पेशेवर पृष्ठभूमि भी सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार स्मित मछार मूल रूप से गुजरात के रहने वाले हैं और लंबे समय तक मुंबई में रहे हैं। फ्लाईदुबई से पहले उन्होंने करीब 11 साल तक स्पाइसजेट में सेवाएं दीं। जून 2011 से जून 2022 तक वह स्पाइसजेट से जुड़े रहे और इस दौरान सीनियर कमांडर तथा लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी संभाली।
जून 2022 से स्मित मछार फ्लाईदुबई में डायरेक्ट एंट्री कैप्टन के तौर पर काम कर रहे हैं। वह बोइंग 737 विमान उड़ाते हैं। उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, उन्हें कमर्शियल उड़ान का 13 साल से ज्यादा का अनुभव है और उन्होंने करीब 9,750 घंटे उड़ान भरी है। स्पाइसजेट में उन्होंने 9,500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी, जिसमें 6,400 घंटे से अधिक समय पायलट इन कमांड के तौर पर था।
नवंबर 2020 से जून 2022 तक वह स्पाइसजेट में लाइन ट्रेनिंग कैप्टन भी रहे। इस भूमिका में पायलटों को प्रशिक्षण देने, उनकी उड़ान क्षमता का आकलन करने और मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी निभाई।
स्मित मछार के भाई भी विमानन क्षेत्र से जुड़े हैं और अकासा एयर में पायलट के तौर पर काम करते हैं। घटना के बाद सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास उनके परिवार के संपर्क में हैं। फ्लाईदुबई ने जांच पूरी होने तक अटकलों से बचने की अपील की है।