हवा में पायलट पर चाकू से हमला, फिर भी स्मित मछार ने बचाई 174 यात्रियों की जान

Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की तारीफ की। पीएम मोदी ने उन्हें हीरो बताते हुए कहा कि बेहद खतरनाक परिस्थितियों और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त साहस और अटूट संकल्प दिखाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। उन्होंने कैप्टन मछार के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की बहादुरी को सलाम किया। उन्होंने कहा कि चाकू लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मछार ने हमलावर का मुकाबला किया। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा क्रू को हमलावर को काबू करने में मदद करने का मौका मिला। नेतन्याहू के मुताबिक, इस साहसिक कदम से हवा में एक बड़ी दुर्घटना टल गई और 174 लोगों की जान बची। इनमें इजराइली नागरिकों के साथ दूसरे देशों के लोग भी शामिल थे।

इस घटना के दौरान विमान में अफरा-तफरी मच गई। फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 ने दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भरी थी। इसी दौरान विमान के हाईजैक होने का सिग्नल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया और विमान को डायवर्ट किया गया। इजराइल की ओर से विमान को कवर देने के लिए दो फाइटर जेट भी तैयार किए गए।वहीं, कॉकपिट के भीतर पायलट और को-पायलट के बीच हुई घटना के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खुल गया। इसके बाद विमान में मौजूद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्री कॉकपिट में पहुंचे और हमलावर को-पायलट को काबू करने में मदद की।

इस पूरे घटनाक्रम में विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। विमान के नियंत्रण पर संकट पैदा होने के बाद इन दोनों पायलटों ने विमान को संभालने में मदद की। विमान लगातार ऊंचाई खो रहा था, लेकिन उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया और आखिरकार इमरजेंसी लैंडिंग कराई।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित मछार को हीरो बताया। उन्होंने पायलट की स्थिति गंभीर होने का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद मुश्किल हालात में समझदारी दिखाई। ट्रंप ने घटना के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खुलने और पायलट के मदद के लिए चिल्लाने का भी जिक्र किया।इस पूरी घटना में कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी, यात्रियों की मदद और ऑफ-ड्यूटी पायलटों के प्रयासों के चलते एक बड़ी हवाई त्रासदी टल गई। 174 लोगों को सुरक्षित बचाने वाली इस घटना के बाद भारतीय पायलट की बहादुरी की दुनियाभर में चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *