Knews Desk– झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रानीपुर इलाके की सुखनई नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग श्राद्ध कर्म के बाद पिंडदान की रस्म पूरी करने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान स्नान और पिंडदान की प्रक्रिया के बीच परिवार के पांच लोग गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों में पिता-पुत्र के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पिंडदान के लिए नदी किनारे पहुंचा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग श्राद्ध कर्म के बाद सुखनई नदी के किनारे पिंडदान करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ सदस्य नदी में स्नान करने लगे। बताया जा रहा है कि पांच लोग अचानक गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही सभी पानी में डूब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
सूचना मिलते ही मऊरानीपुर पुलिस के साथ एसडीएम मनोज कुमार और सीओ मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी प्रयास के बाद पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने सभी पांच शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी झांसी में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।