KNEWS DESK- राजमा, काला चना और मूंग दाल तीनों ही वेजिटेरियन और प्लांट बेस्ड प्रोटीन के अच्छे स्रोत माने जाते हैं। इनके सेवन से शरीर को प्रोटीन के साथ फाइबर, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं। लेकिन अगर सवाल हो कि इन तीनों में सबसे ज्यादा प्रोटीन किसमें पाया जाता है, तो आंकड़ों में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है।
प्रोटीन शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व है। यह मांसपेशियों के निर्माण और उनकी मरम्मत में मदद करता है। इसके अलावा शरीर के कई दूसरे जरूरी कामों के लिए भी प्रोटीन की आवश्यकता होती है। आमतौर पर नॉनवेज फूड को प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है, लेकिन शाकाहारी लोगों के लिए भी कई ऐसे खाद्य पदार्थ हैं, जिनसे पर्याप्त प्रोटीन प्राप्त किया जा सकता है।
राजमा, काला चना और मूंग दाल भी इन्हीं प्लांट बेस्ड फूड में शामिल हैं। तीनों में प्रोटीन के साथ फाइबर और कई विटामिन-मिनरल्स पाए जाते हैं। ऐसे में इनकी न्यूट्रिशनल वैल्यू को समझना जरूरी है।
100 ग्राम में कितना प्रोटीन?
उपलब्ध पोषण संबंधी आंकड़ों के मुताबिक, 100 ग्राम काले चने में करीब 8.86 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है। वहीं 100 ग्राम हरी मूंग में करीब 7.02 ग्राम प्रोटीन होता है। राजमा की बात करें तो 100 ग्राम में करीब 8.7 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है। इन आंकड़ों के आधार पर काला चना और राजमा प्रोटीन के मामले में मूंग से थोड़े आगे नजर आते हैं। हालांकि, किसी खाद्य पदार्थ की पोषण गुणवत्ता केवल प्रोटीन की मात्रा से तय नहीं होती, बल्कि उसमें मौजूद फाइबर, मिनरल्स और दूसरे पोषक तत्व भी महत्वपूर्ण होते हैं।
मूंग दाल में मिलते हैं ये पोषक तत्व
USDA के अनुसार, 100 ग्राम मूंग दाल में करीब 7.6 ग्राम फाइबर पाया जाता है। इसमें 27 मिलीग्राम कैल्शियम, 1.4 मिलीग्राम आयरन, 48 मिलीग्राम मैग्नीशियम, 99 मिलीग्राम फास्फोरस और 266 मिलीग्राम पोटेशियम भी पाया जाता है। इसके अलावा मूंग में सेलेनियम, विटामिन सी, फोलेट और नियासिन समेत कुछ मात्रा में विटामिन ए भी मौजूद होता है।
राजमा की न्यूट्रिशनल वैल्यू
राजमा भी प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत माना जाता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 100 ग्राम राजमा में करीब 127 कैलोरी, 6.4 ग्राम फाइबर और 22.8 ग्राम कार्बोहाइड्रेट पाया जाता है। इसके अलावा इसमें फोलेट, आयरन, कॉपर, मैंगनीज, पोटेशियम और विटामिन K1 जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं।
काले चने में क्या-क्या मिलता है?
काले चने में प्रोटीन के साथ अच्छी मात्रा में फाइबर और कई जरूरी मिनरल्स भी पाए जाते हैं। USDA के आंकड़ों के अनुसार, इसमें करीब 7.6 ग्राम फाइबर, 49 मिलीग्राम कैल्शियम, 2.89 मिलीग्राम आयरन, 48 मिलीग्राम मैग्नीशियम और 168 मिलीग्राम फास्फोरस पाया जाता है। इसके अलावा इसमें 291 मिलीग्राम पोटेशियम, 1.53 मिलीग्राम जिंक, 1.03 मिलीग्राम मैंगनीज और 3.7 माइक्रोग्राम सेलेनियम भी मौजूद होता है। इसमें विटामिन सी और बी-कॉम्प्लेक्स समेत कुछ मात्रा में विटामिन ए भी पाया जाता है।
तीनों में से किसे डाइट में शामिल करें?
राजमा, काला चना और मूंग दाल तीनों ही पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ हैं। प्रोटीन की मात्रा में इनके बीच बहुत बड़ा अंतर नहीं है। ऐसे में केवल प्रोटीन की मात्रा देखकर किसी एक को चुनने के बजाय अपनी जरूरत और डाइट के हिसाब से इन तीनों को अलग-अलग समय पर भोजन में शामिल किया जा सकता है।
हालांकि, किसी भी खाद्य पदार्थ का सेवन संतुलित मात्रा में करना जरूरी है। राजमा, चना और मूंग दाल को अपनी नियमित डाइट का हिस्सा बनाते समय अपनी व्यक्तिगत पोषण संबंधी जरूरतों का भी ध्यान रखना चाहिए।