KNEWS DESK- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) गुरुवार को केपटाउन में 2027 वनडे विश्व कप के कार्यक्रम का अनावरण करेंगे। यह कार्यक्रम टूर्नामेंट शुरू होने से करीब एक साल पहले होने वाली उलटी गिनती के मौके पर जारी किया जाएगा। इसी दौरान विश्व कप के मुकाबलों के टिकट भी जारी किए जाएंगे।
2027 वनडे विश्व कप की शुरुआत 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन होगी। टूर्नामेंट का फाइनल 21 नवंबर 2027 को खेला जाएगा। इस विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी।
30 सितंबर तक 10 टीमों की स्थिति होगी साफ
विश्व कप में शामिल होने वाली 14 टीमों में से 10 टीमों की पहचान 30 सितंबर तक हो जाएगी। यह क्वालीफिकेशन की कटऑफ तारीख है। दो स्थान मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे के लिए तय हैं, जबकि आठ अन्य टीमें आईसीसी की वनडे रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई करेंगी।
बाकी चार टीमों को क्वालीफायर के जरिए विश्व कप में जगह मिलेगी। कार्यक्रम में इन टीमों को क्वालीफायर-1, क्वालीफायर-2, क्वालीफायर-3 और क्वालीफायर-4 के रूप में सूचीबद्ध किया जाएगा।
नामीबिया की जगह अभी तय नहीं
दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे के साथ नामीबिया भी विश्व कप के मेजबान देशों में शामिल है। हालांकि, नामीबिया का विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना अभी सुनिश्चित नहीं हुआ है।
भारत समेत इन टीमों की जगह मजबूत
फिलहाल वनडे रैंकिंग के आधार पर भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश क्वालीफाई करने की स्थिति में हैं। भारत रैंकिंग में पहले, न्यूजीलैंड दूसरे, पाकिस्तान चौथे, ऑस्ट्रेलिया पांचवें, इंग्लैंड छठे, श्रीलंका सातवें, अफगानिस्तान आठवें और बांग्लादेश नौवें स्थान पर है।
रैंकिंग में तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के मेजबान के तौर पर अपनी जगह पक्की करने के कारण नौवें स्थान पर मौजूद बांग्लादेश भी क्वालीफाई करने की स्थिति में है।