KNEWS DESK- असम के कोकराझार में सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CIT) के गाम्बारी गर्ल्स हॉस्टल में एक साथ करीब 60 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार रात हॉस्टल मेस में खाना खाने के कुछ समय बाद छात्राओं को पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और दस्त जैसी शिकायतें होने लगीं। इसके बाद सभी प्रभावित छात्राओं को इलाज के लिए कोकराझार मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (KMCH) ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, छात्राओं ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे हॉस्टल मेस में खाना खाया था। खाना खाने के बाद कुछ छात्राओं ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की। इसके बाद धीरे-धीरे बीमार पड़ने वाली छात्राओं की संख्या बढ़ती गई और करीब 60 छात्राओं के बीमार होने की सूचना सामने आई। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही हॉस्टल प्रशासन सक्रिय हो गया और सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। KMCH में डॉक्टरों की निगरानी में छात्राओं का इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक तौर पर छात्राओं के बीमार पड़ने की वजह फूड पॉइजनिंग होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। मेस में इस्तेमाल किए गए भोजन और पानी की गुणवत्ता भी जांच के दायरे में है। अधिकारियों की ओर से भोजन और पानी के नमूने जांच के लिए लिए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छात्राओं की तबीयत दूषित भोजन या पानी की वजह से बिगड़ी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
घटना के बाद हॉस्टल की मेस व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन भोजन तैयार करने से लेकर छात्राओं को परोसे जाने तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी जुटा रहा है। फिलहाल अधिकारियों की प्राथमिकता छात्राओं का इलाज और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखना है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के नतीजों के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।