डॉक्टर का आरोप है कि दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे समेत 8 से 10 लोग घर में घुसे और उनके साथ मारपीट की। कालेपड़ल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Knews Desk – बिग बॉस मराठी की कंटेस्टेंट और सोशल मीडिया रील स्टार दिव्या शिंदे गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में हैं। एक डॉक्टर ने दिव्या शिंदे और अन्ना ढमढेरे समेत 8 से 10 लोगों पर 5 लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने, घर में घुसकर मारपीट करने, तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले में कालेपड़ल पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता 65 वर्षीय डॉ. विद्याधर गायकवाड़ पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी हैं। वह साल 2021 में पुणे कैंटोनमेंट अस्पताल से CMO के पद से रिटायर हुए थे। डॉक्टर गायकवाड़ के मुताबिक, वह करुणादीप फाउंडेशन से जुड़े हैं। संस्था की ओर से 1 से 3 सितंबर के बीच बालगंधर्व रंगमंदिर में कला आविष्कार महोत्सव आयोजित किया गया था।
शिकायत के मुताबिक, दिव्या शिंदे की ओर से कथित तौर पर कार्यक्रम का प्रचार करने का दावा करते हुए अगस्त महीने से फोन और मैसेज के जरिए डॉक्टर से 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। डॉक्टर का कहना है कि दिव्या शिंदे को कार्यक्रम के लिए संस्था की ओर से कोई आधिकारिक निमंत्रण या जिम्मेदारी नहीं दी गई थी।
17 सितंबर को घर पहुंचने का आरोप
डॉ. गायकवाड़ के आरोप के मुताबिक, 17 सितंबर को दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे और कुछ अन्य लोग उनके घर पहुंचे। उस समय डॉक्टर घर पर मौजूद नहीं थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि घर पर मौजूद उनकी पत्नी और बेटे के साथ धमकी और दबाव बनाने की कोशिश की गई।
इसके बाद 23 सितंबर को अन्ना ढमढेरे ने कथित तौर पर डॉ. गायकवाड़ को होटल ब्ल्यू नाइन बुलाया। शिकायत के अनुसार, वहां एक बार फिर 5 लाख रुपये की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर दो दिन के भीतर घर पर लोगों को भेजकर मारपीट करने की धमकी दी गई।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे डॉ. गायकवाड़ अपने घर में अकेले थे। आरोप है कि अन्ना ढमढेरे वहां पहुंचा और दरवाजा खुलते ही दिव्या शिंदे समेत 8 से 10 लोग कथित तौर पर जबरन घर में घुस गए।
डॉ. गायकवाड़ ने आरोप लगाया है कि उनके चेहरे, पेट और पीठ पर लात-घूंसों से मारपीट की गई। शिकायत में डंडे, बेल्ट, लोहे के बर्तनों और धारदार हथियारों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया है। डॉक्टर के मुताबिक, उन्होंने खुद को लकवे का मरीज बताते हुए मारपीट रोकने की गुहार लगाई, लेकिन इसके बावजूद हमला नहीं रुका।
शिकायत में घर में तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
डॉक्टर की कार ले जाने का भी आरोप
डॉ. गायकवाड़ के मुताबिक, 5 लाख रुपये नहीं देने पर आरोपी उनकी कार भी अपने साथ ले गए। मारपीट में घायल डॉक्टर को इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
कालेपड़ल पुलिस ने दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सहायक पुलिस निरीक्षक अमित शेटे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।