Knews Desk- दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव 2026 की मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गई। शुरुआती राउंड में ABVP के उम्मीदवार कई प्रमुख पदों पर बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव में 40.46 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।
DUSU चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए वोटों की गिनती जारी है। अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास, NSUI के विजय शंकर मीना और AISA-SFI की अनन्या रतूड़ी समेत सात उम्मीदवार मैदान में हैं। शुरुआती राउंड में ABVP के यश डबास को 1305 वोट मिले, जबकि NSUI के विजय शंकर मीना को 1191 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर भी ABVP के ईशू मौर्य शुरुआती रुझानों में आगे बताए जा रहे हैं। सचिव पद पर रिया छावड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह भी बढ़त में हैं।
डूसू चुनाव के लिए 18 सितंबर को मतदान हुआ था। 52 मतदान केंद्रों से मिले आंकड़ों के अनुसार कुल 40.46 फीसदी मतदान हुआ। इस चुनाव में 1.51 लाख से अधिक छात्र मतदाता थे। मतगणना दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित मल्टीपर्पज हॉल में हो रही है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और स्ट्रांग रूम की निगरानी भी बढ़ाई गई है।
वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट ने चुनाव परिणाम के बाद विजय जुलूस, ढोल-नगाड़े और अन्य तरह के जश्न पर रोक लगा रखी है। चुनाव प्रचार के दौरान नियमों के उल्लंघन को लेकर अदालत ने भी सख्त रुख अपनाया है।