Asian Games 2026:  क्विम्सी डिसूजा का गोल्ड मेडल का सपना टूटा, अब ब्रॉन्ज पर टिकीं भारत की उम्मीदें

KNEWS DESK- एशियन गेम्स 2026 में पहली बार शामिल टेकबॉल में भारत की क्विम्सी जोआकिम डिसूजा का गोल्ड मेडल जीतने का सपना टूट गया। महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में 24 वर्षीय क्विम्सी को इंडोनेशिया की सुमाया ने 1-2 से हराया। हालांकि, अब भी उनके पास ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचने का मौका है।

क्विम्सी ने सेमीफाइनल की शुरुआत शानदार अंदाज में की और पहला सेट 12-7 से अपने नाम किया। इसके बाद सुमाया ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 12-9 से जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक तीसरे सेट में भी इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने दबदबा बनाए रखा और 12-7 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।

क्विम्सी अब रविवार को ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले में उतरेंगी। उनका सामना दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली खिलाड़ी से होगा। जीत हासिल करने पर वह एशियन गेम्स के टेकबॉल इतिहास में भारत को पहला मेडल दिला सकती हैं।

इससे पहले क्विम्सी ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने जापान की युइना साकामोटो को 2-1 और कोमयेन डाई को 2-0 से हराया था। ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान हासिल करने के कारण उन्हें क्वार्टर फाइनल में बाई मिली थी।

मुंबई की क्विम्सी ने 13 साल की उम्र तक मिडिल डिस्टेंस रनिंग की, फिर फुटबॉल खेला। बाद में रोनाल्डिन्हो का टेकबॉल खेलते वीडियो देखकर उन्होंने इस खेल को अपनाया। वह सात बार नेशनल चैंपियन रह चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *