‘वहीं बनेगी मस्जिद, कोर्ट में हम जीतेंगे’, सहारनपुर में बोलीं सपा सांसद इकरा हसन

Knews Desk- सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के विध्वंस को लेकर सियासत तेज हो गई है। कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने मस्जिद को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि मस्जिद उसी जगह पर बनेगी और इस मामले में मुस्लिम पक्ष अदालत में जीत हासिल करेगा।

पीडीए के कार्यक्रम में पहुंचीं इकरा हसन ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सहारनपुर में मस्जिद के नाम पर दंगा कराने की साजिश रची गई थी। उनका दावा है कि इस साजिश के तहत युवाओं को जेल भेजने की कोशिश की गई, लेकिन सरकार अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सकी।

इकरा हसन ने कहा कि प्रशासन ने मुस्लिम पक्ष को अदालत में अपील करने का पर्याप्त मौका नहीं दिया। उनके मुताबिक, जिला अदालत के आदेश के खिलाफ अपील के लिए 22 दिन का समय था, लेकिन प्रशासन ने जल्दबाजी में मस्जिद को ध्वस्त कर दिया।

उन्होंने कहा कि मुस्लिम पक्ष अब अदालत का रुख करेगा और उन्हें पूरा भरोसा है कि फैसला उनके पक्ष में आएगा।

UCC को लेकर भी सरकार पर हमला

सपा सांसद ने समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर एक पक्ष को निशाना बना रही है। इकरा हसन ने यह भी कहा कि उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया, ताकि वह मस्जिद विध्वंस के बाद मौके पर न पहुंच सकें।

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर की जमीन पर बनी मस्जिद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रशासन का दावा था कि मस्जिद का निर्माण सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के जरिए किया गया था। वहीं, मुस्लिम पक्ष का कहना था कि जमीन वक्फ की है और यहां 100 साल से अधिक समय से मस्जिद मौजूद थी।

कोर्ट से मुस्लिम पक्ष के तर्क खारिज होने के बाद प्रशासन ने रातोंरात मस्जिद को ध्वस्त कर दिया था। अब इकरा हसन के बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर राजनीतिक चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *