मायावती ने स्वास्थ्य को लेकर फैली अफवाहों पर दी सफाई, आकाश आनंद पर लगाया बड़ा आरोप

KNEWS DESK- बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी से निष्कासित आकाश आनंद उनकी बीमारी को लेकर अफवाह फैला रहे हैं और अभी भी अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के कहने पर राजनीति कर रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने रविवार को अपने स्वास्थ्य को लेकर चल रही चर्चाओं पर सफाई दी। बीते एक सप्ताह से सोशल मीडिया पर सक्रिय मायावती ने मीडिया के सामने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने अपने अस्वस्थ होने की खबरों को निराधार बताया।

मायावती ने आरोप लगाया कि पार्टी से तीसरी बार निष्कासित आकाश आनंद उनकी बीमारी की अफवाह फैला रहे हैं। बसपा प्रमुख के मुताबिक, आकाश आनंद ने शनिवार रात उनके घर फोन कर उनकी तबीयत के बारे में जानकारी मांगी थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आकाश ने उनके निजी सचिव आलोक कुमार से फोन पर पूछा कि क्या बहनजी की तबीयत खराब है। मायावती ने कहा कि आकाश आनंद ने पार्टी इंचार्ज से बातचीत के दौरान यह भी कहा कि बहनजी को इस फोन कॉल के बारे में नहीं बताया जाए। बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि पार्टी से निकाले गए लोगों की ओर से उनके स्वास्थ्य को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अभी भी अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के निर्देश पर काम कर रहे हैं। मायावती ने दावा किया कि अशोक सिद्धार्थ सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की बात कह चुके हैं, लेकिन आकाश आनंद अब भी उन्हीं के प्रभाव में हैं और अपने विवेक से फैसले नहीं ले रहे हैं।

मायावती ने दोहराया कि उनके स्वास्थ्य को लेकर फैलाई जा रही सभी बातें बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वस्थ हैं और पार्टी से निष्कासित लोगों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का मकसद राजनीतिक माहौल को प्रभावित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *