Ambedkarnagar News: अंबेडकरनगर में 35 वर्षीय PRD जवान वीरेंद्र प्रताप ने खासपुर के परिषदीय विद्यालय में आत्महत्या कर ली। साथी जवानों का आरोप है कि पांच महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में मानदेय न मिलने से परेशान एक PRD जवान की मौत का मामला सामने आया है। अलीगंज थाना क्षेत्र के खासपुर गांव स्थित परिषदीय विद्यालय में तैनात 35 वर्षीय वीरेंद्र प्रताप का शव शनिवार सुबह स्कूल के एक कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, अलीगंज थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी वीरेंद्र प्रताप प्रांतीय रक्षक दल (PRD) में जवान थे। उनकी ड्यूटी खासपुर के परिषदीय विद्यालय में लगाई गई थी। शुक्रवार रात वह रोज की तरह ड्यूटी के लिए स्कूल पहुंचे थे। उनके साथ एक अन्य जवान की भी ड्यूटी थी, लेकिन वह रात में स्कूल नहीं आया।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने स्कूल के कमरे में वीरेंद्र का शव लटका देखा। कमरा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पांच महीने से नहीं मिला था मानदेय
साथी PRD जवान राकेश ने बताया कि अप्रैल से लगातार ड्यूटी करने के बावजूद जवानों को पांच महीने से मानदेय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानियों के चलते सभी जवान तनाव में हैं।
राकेश के अनुसार, वीरेंद्र ने कुछ दिन पहले उनसे अपनी परेशानी साझा की थी और कहा था कि अगर जल्द मानदेय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेंगे। हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।
पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए पीछे
वीरेंद्र प्रताप अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के समय उनकी पत्नी मायके में थीं। जवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, साथी जवानों ने मानदेय का भुगतान जल्द किए जाने की मांग उठाई है।
अलीगंज थाना प्रभारी सुनील पांडे ने बताया कि वीरेंद्र प्रताप PRD जवान थे और खासपुर विद्यालय में उनकी ड्यूटी लगी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने और परिजनों व विभागीय अधिकारियों से बातचीत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।