भाषण के दौरान शी जिनपिंग की असहजता पर पीएम मोदी ने पूछा- ‘क्या सब ठीक है?’

KNEWS DESK– BRICS समिट 2026 के पहले दिन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना शुरुआती भाषण कुछ देर के लिए रोक दिया। दरअसल, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस दौरान असहज नजर आए। पीएम मोदी ने उनकी ओर मुड़कर चीनी राष्ट्रपति के साथ मौजूद अनुवादक से पूछा, “क्या सब ठीक है?” कुछ देर बाद उन्होंने दोबारा यही सवाल किया।

शी जिनपिंग की असहजता की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी। यह भी संभावना जताई गई कि मामला माइक्रोफोन या भाषण के अनुवाद से जुड़ा हो सकता है। चीन की ओर से इस घटना पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। दूरदर्शन द्वारा साझा किए गए वीडियो में यह घटना भाषण के करीब 4:30 से 5 मिनट के बीच दिखाई देती है। सात साल बाद भारत पहुंचे शी जिनपिंग BRICS समिट में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। करीब 40 मिनट चली बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत-चीन संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक नजरिए से आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। साथ ही, यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि दोनों देशों के मतभेद विवाद का रूप न लें।

शी जिनपिंग ने कहा कि संस्थागत संपर्क की बहाली, सहयोग के बढ़ते क्षेत्रों और व्यापार में वृद्धि से द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति बनी है। उन्होंने इस गति को बनाए रखने की जरूरत बताई। वहीं, पीएम मोदी ने संबंधों में हुई प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता दोनों देशों के रिश्तों के निरंतर विकास के लिए जरूरी है। यह दो वर्षों में दोनों नेताओं की तीसरी द्विपक्षीय बैठक थी। इससे पहले 2024 में कजान और पिछले वर्ष तियानजिन में उनकी मुलाकात हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *