प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाया; मारपीट का वीडियो वायरल

सहारनपुर में विवाहिता से मिलने पहुंचे एक युवक को उसके परिजनों ने पकड़ लिया. आरोप है कि युवक को रस्सियों से बांधकर उल्टा लटकाया गया और उसके साथ मारपीट की गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Knews desk- मामला उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर पोल निवासी एक युवक रात करीब 11:30 बजे पास के गांव में रहने वाली एक विवाहिता से मिलने उसके घर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और महिला के परिजन भी इससे परिचित थे.

युवक के घर पहुंचने की भनक लगते ही महिला के परिजनों ने उसे पकड़ लिया. आरोप है कि इसके बाद युवक को रस्सियों से बांधकर उल्टा लटका दिया गया और उसकी पिटाई की गई. बाद में उसे लकड़ी की बल्ली से बांध दिया गया. इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई.

घटना का किसी ने वीडियो बना लिया था, जो करीब दस दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की.

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर मिर्जापुर थाना पुलिस युवक को थाने लेकर आई थी. उस समय दोनों पक्षों के बीच थाने के बाहर समझौता हो गया था. किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी, जिसके बाद युवक के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई थी.

पुलिस कर रही वायरल वीडियो की जांच

अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस दोबारा पूरे मामले की पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि वीडियो में युवक के साथ की गई मारपीट और अमानवीय व्यवहार की जांच की जा रही है. फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *