KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल की मां आशा पटेल के मुंबई स्थित घर से लाखों रुपये के गहने चोरी होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मरीन ड्राइव पुलिस ने चोरी के आरोप में घर में काम करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है. इस साल जनवरी में साउथ मुंबई के चर्चगेट इलाके में स्थित आशा पटेल के घर से करीब 5 लाख रुपये के हीरे और सोने के कंगन गायब हुए थे.
डेढ़ साल से घर में काम कर रही थी आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार की गई महिला की पहचान 40 वर्षीय सीमा विनोद घाटे के रूप में हुई है. वह करीब डेढ़ साल से आशा पटेल के घर पर हाउस हेल्प के तौर पर काम कर रही थी.
जनवरी में कंगन गायब होने के बाद आशा पटेल को सीमा पर शक हुआ. उन्होंने कई महीनों तक उसे समझाने और कंगन वापस करने के लिए कहा. हालांकि, जब महिला ने चोरी की बात स्वीकार नहीं की, तो आशा पटेल ने मरीन ड्राइव थाने में शिकायत दर्ज कराई.
विरार से हिरासत में लेकर किया गिरफ्तार
मरीन ड्राइव पुलिस की क्राइम डिटेक्शन टीम ने जांच के दौरान आरोपी सीमा को विरार से हिरासत में लिया. पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
अदालत में पेशी के बाद आरोपी को 15 सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है. हालांकि, चोरी हुए कंगन अब तक बरामद नहीं हुए हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है और आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है.
अमीषा पटेल पिछले ढाई साल से ज्यादा समय से बड़े पर्दे से दूर हैं. उन्हें आखिरी बार जनवरी 2024 में रिलीज हुई रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘तौबा तेरा जलवा’ में देखा गया था. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर सकी थी.
अमीषा पटेल की आखिरी सफल फिल्म ‘गदर 2’ थी, जो 2023 में रिलीज हुई थी. फिलहाल उनके किसी नए प्रोजेक्ट की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.