जेब में 50 रुपये लेकर 350 KM दूर पहुंचा आशिक, इंस्टाग्राम पर हुआ था 5 साल पहले प्यार… ऑटो का किराया नहीं दे पाया तो थाने पहुंचा

प्रेमिका की तलाश में मिर्जापुर से मुजफ्फरपुर आया युवक, घर लौटने से इनकार

Knews Desk- सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी के चलते उत्तर प्रदेश का एक युवक अपनी कथित प्रेमिका की तलाश में बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंच गया. मिर्जापुर निवासी ट्रक खलासी करीब 5 साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए मुजफ्फरपुर की खुशबू के संपर्क में आया था. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और युवक इस रिश्ते को प्यार समझने लगा.

प्रेमिका से मिलने की चाहत में युवक करीब 350 किलोमीटर का सफर तय कर मुजफ्फरपुर पहुंच गया. खास बात यह रही कि उसके पास सिर्फ 50 रुपये थे. दिनभर ऑटो से प्रेमिका का पता तलाशने के बाद जब किराया देने की बारी आई, तो पैसे कम पड़ गए. इसके बाद ऑटो चालक उसे काजीमोहम्मदपुर थाने ले गया.

जानकारी के मुताबिक, युवक मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद सरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली खुशबू को खोजने के लिए ऑटो से अलग-अलग जगहों पर घूमता रहा. काफी कोशिशों के बावजूद जब उसे प्रेमिका का पता नहीं मिला, तो उसके पास मौजूद पैसे भी खत्म हो गए.

ऑटो का किराया चुकाने में असमर्थ होने पर चालक युवक को काजीमोहम्मदपुर थाने ले गया. वहां पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसके परिजनों से संपर्क किया. परिवार को जब युवक के मुजफ्फरपुर पहुंचने की जानकारी मिली, तो उन्होंने राहत की सांस ली.

परिवार बोला- खुशबू को पत्नी मान चुका है युवक

पुलिस को परिजनों ने बताया कि युवक खुशबू को मन ही मन अपनी पत्नी मान चुका है. परिवार के अनुसार, पिछले कई वर्षों से उसकी इस जिद और दीवानगी को लेकर वे परेशान हैं. परिजनों ने पुलिस से अनुरोध किया कि उनके मुजफ्फरपुर पहुंचने तक युवक को थाने में ही रखा जाए.

थाने में युवक ने वापस मिर्जापुर जाने से इनकार कर दिया. उसका कहना है कि वह मुजफ्फरपुर में ही कोई काम या नौकरी तलाश करेगा और यहीं रहकर खुशबू को खोजेगा.

फिलहाल, काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस युवक को समझाने का प्रयास कर रही है. पुलिस उसके परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है. इंस्टाग्राम से शुरू हुई इस प्रेम कहानी और युवक की दीवानगी की चर्चा इलाके में बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *