क्या हम फोटो ले सकते हैं… BRICS समिट में पीएम मोदी का फैन मोमेंट हुआ वायरल

KNEWS DESK- नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अनौपचारिक और दिलचस्प पल सामने आया है। शुक्रवार को BRICS बिजनेस फोरम के दौरान विदेशी महिला प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीर खिंचवाने की इच्छा जताई। इस दौरान एक महिला प्रतिनिधि ने उनसे पूछा, “Can We Have A Picture?” यानी क्या हम आपके साथ एक तस्वीर ले सकते हैं? प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए उनकी बात स्वीकार की और उनके साथ फोटो खिंचवाई।

इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कई महिला प्रतिनिधि फोटो बैकड्रॉप के पास प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीर लेने के लिए पहुंचती हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री का सहज अंदाज और प्रतिनिधियों का उत्साह देखने को मिला।

प्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री ने खिंचवाई तस्वीरें

वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी विदेशी प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए नजर आते हैं। उन्होंने प्रतिनिधियों से हाथ मिलाया और उनके साथ खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाईं। इसके बाद आसपास मौजूद अन्य प्रतिनिधियों ने भी प्रधानमंत्री से अपने साथ फोटो लेने का अनुरोध किया।

प्रतिनिधियों के उत्साह को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी उनके समूह की ओर बढ़े और सामूहिक तस्वीर के लिए उनके साथ खड़े हो गए। इस दौरान सभी प्रतिनिधियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। भारत सरकार की ओर से साझा किए गए इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रिया मिल रही है।

‘हम सभी बहुत भाग्यशाली हैं’

तस्वीरें खिंचवाने के दौरान माहौल और भी खुशनुमा हो गया। वीडियो में फोटो लेने वाले अधिकारी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि आप सभी महिलाएं बहुत भाग्यशाली हैं। इस पर वहां मौजूद प्रतिनिधियों ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “हम सभी बहुत भाग्यशाली हैं।”

इस अनौपचारिक बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भी मुस्कुराते हुए धन्यवाद कहा। कुछ ही क्षणों का यह संवाद सम्मेलन के औपचारिक माहौल के बीच एक यादगार पल बन गया।

BRICS बिजनेस फोरम में शामिल हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को BRICS बिजनेस फोरम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने व्यापार, आर्थिक सहयोग और सदस्य देशों के बीच साझेदारी को लेकर विचार रखे। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।

भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन में सदस्य देशों के नेता और प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी का विदेशी प्रतिनिधियों के साथ यह फोटो मोमेंट चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *