रनवे से आगे निकला अमेजन का कार्गो विमान, कई वाहनों से टक्कर के बाद 5 लोगों की मौत

Knews Desk– अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। अमेजन प्राइम एयर की कार्गो फ्लाइट 7598 रनवे से आगे निकल गई और एयरपोर्ट के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में कई गाड़ियों से टकरा गई। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।हादसे के बाद मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही इमरजेंसी और फायर रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया। राहत और बचाव दल ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम शुरू किया। विमान में ईंधन के रिसाव की आशंका को देखते हुए भी विशेष सावधानी बरती गई।

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, प्राइम एयर की फ्लाइट 7598 रविवार को स्थानीय समयानुसार करीब दोपहर 2 बजे एयरपोर्ट के एक तिरछे रनवे से आगे निकल गई। विमान रनवे के निर्धारित हिस्से में रुकने के बजाय एयरपोर्ट के उत्तर-पश्चिमी छोर तक पहुंच गया, जहां वह कई वाहनों से टकरा गया। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर धुएं का बड़ा गुबार दिखाई देने लगा।हादसे के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सभी रनवे और टैक्सीवे बंद कर दिए। जमीन पर विमानों की आवाजाही भी रोक दी गई। इसके चलते मियामी एयरपोर्ट से होने वाला उड़ान संचालन कई घंटों तक प्रभावित रहा। यात्रियों को भी इस वजह से परेशानी का सामना करना पड़ा और कई उड़ानों पर असर पड़ा।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के बाद बड़े पैमाने पर आपातकालीन कार्रवाई की गई। आग और संभावित ईंधन रिसाव को नियंत्रित करने के लिए कई टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। अमेरिकी एविएशन रेगुलेटर्स ने एयरपोर्ट पर ‘फुल ग्राउंड स्टॉप’ लागू किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन रोक दिया गया।हादसे में पांच लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, हादसे में मृतकों और घायलों की पहचान को लेकर तत्काल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

विमान हादसे की जांच अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने शुरू कर दी है। NTSB ने दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच के लिए एक विशेष टीम भेजी है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि विमान रनवे से आगे क्यों निकल गया और गाड़ियों से टकराने की स्थिति कैसे बनी।NTSB के मुताबिक, जांच टीम हादसे से जुड़े तकनीकी और परिचालन पहलुओं की पड़ताल करेगी। बोर्ड की ओर से सोमवार को जांच की शुरुआती जानकारी मीडिया के सामने रखे जाने की बात कही गई है। फिलहाल हादसे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं है और जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *