KNEWS DESK – टीवी से लेकर बॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता सिद्धार्थ निगम इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट करियर शुरू करने वाले सिद्धार्थ ने कम उम्र में ही दर्शकों के बीच खास पहचान बना ली थी। अब उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते को लेकर बड़ा ऐलान किया है।
रिया ठक्कर संग ऑफिशियल किया रिश्ता
सिद्धार्थ निगम ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर रिया ठक्कर के साथ एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर में दोनों आसमान की ओर देखते हुए मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।
इसके साथ सिद्धार्थ ने एक लंबा और भावुक नोट भी लिखा। उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात साल 2024 में हुई थी और देखते ही देखते यह मुलाकात उनकी जिंदगी का खूबसूरत हिस्सा बन गई।
एक्टर के मुताबिक, दोनों ने काफी समय तक अपने रिश्ते को निजी रखा। उन्होंने लिखा कि उनके बीच यह रिश्ता बिना किसी प्लान या स्क्रिप्ट के धीरे-धीरे आगे बढ़ा और दोनों ने इसे चुपचाप संजोकर रखा।
2 साल से साथ हैं सिद्धार्थ और रिया
सिद्धार्थ ने अपने पोस्ट में बताया कि दोनों करीब दो साल से साथ हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी में इस रिश्ते ने प्यार, गर्मजोशी और कई मायने जोड़े हैं और अब उन्हें लगा कि इस खुशी का थोड़ा सा हिस्सा दुनिया के साथ भी शेयर करना चाहिए।
अपने पोस्ट के आखिर में सिद्धार्थ ने इस रिश्ते के लिए आभार जताया और कहा कि किसी तरह दोनों एक-दूसरे से मिल गए, जिसके लिए वे हमेशा शुक्रगुजार रहेंगे।
कौन हैं रिया ठक्कर?
रिया ठक्कर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह इंस्टाग्राम पर ‘द एफ्रोडाइट’ नाम से भी जानी जाती हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर 59 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
रिया अपने फैंस के साथ फैशन, लाइफस्टाइल और अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो शेयर करती रहती हैं। सिद्धार्थ के साथ रिश्ता सामने आने के बाद अब उनकी लोकप्रियता भी तेजी से चर्चा में है।
चाइल्ड आर्टिस्ट से बॉलीवुड तक पहुंचे सिद्धार्थ
सिद्धार्थ निगम ने बेहद कम उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने आमिर खान की फिल्म ‘धूम 3’ में साहिर और समर के बचपन का किरदार निभाया था।
इसके बाद टीवी शो ‘चक्रवर्ती अशोक सम्राट’ में लीड रोल निभाकर उन्होंने घर-घर में पहचान बनाई। आगे चलकर वह सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में भी नजर आए। अब करियर के साथ-साथ सिद्धार्थ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियां बटोर रहे हैं।