Aaj Ka Mausam: बिहार से असम तक बारिश का अलर्ट, दिल्ली में येलो अलर्ट; यूपी-उत्तराखंड में भी भारी बारिश

KNews Desk: देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। मौसम विभाग ने दिल्ली समेत उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर राज्यों के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। दिल्ली में 4 और 5 सितंबर को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में सितंबर की शुरुआत के साथ मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी में 4 और 5 सितंबर को बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। 4 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

यूपी और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 4 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 सितंबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 तथा 6 से 8 सितंबर के दौरान भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड में 4 से 9 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 4 और 5 सितंबर को कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 4 सितंबर को कई जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 4 और 5 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 6 से 9 सितंबर तक भी कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है।

मध्य भारत में भारी बारिश की संभावना

मध्य प्रदेश में भी बारिश को लेकर अलर्ट है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 से 7 सितंबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 4 से 8 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है। 4 और 5 सितंबर को दोनों क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, 4 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।

पूर्वी राजस्थान में 4 सितंबर को कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 4 से 6 सितंबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है। पंजाब में भी 4 से 9 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है।

बिहार, झारखंड और बंगाल में भी बारिश

बिहार में 4 और 5 सितंबर तथा 9 सितंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। 4 से 6 सितंबर और 8 से 9 सितंबर के दौरान राज्य में भारी बारिश की संभावना है। झारखंड में 4 से 7 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश होगी, जबकि 5 सितंबर और 8-9 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है।

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 8 सितंबर तक भारी बारिश का अनुमान है। गंगा के मैदानी हिस्सों वाले पश्चिम बंगाल में 4-5 सितंबर और 8-9 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा में 4 से 9 सितंबर के बीच छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत में भी अलर्ट

अरुणाचल प्रदेश में 4 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय समेत अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में 4 से 9 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इस दौरान व्यापक बारिश हो सकती है।

पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में 4 से 9 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश की संभावना है। गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी इस दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *