KNews Desk: बिहार के औरंगाबाद जिले में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने छात्रा को रास्ते से कार में जबरन बैठाया और उसका अपहरण करने के बाद उसके साथ यौन हिंसा की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मामला कुटुंबा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। घटना के बाद पीड़िता को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन पीड़िता के पिता मजदूरी करने गए थे, जबकि उसकी मां बीमार छोटे बेटे को लेकर अस्पताल गई हुई थी। इसी दौरान छात्रा भी इलाज के लिए कुटुंबा अस्पताल जाने के लिए घर से पैदल निकली थी।
पीड़िता के अनुसार, गांव से करीब एक किलोमीटर दूर पहुंचने पर पीछे से एक कार आई। कार में तीन युवक सवार थे। उन्होंने छात्रा को रोककर पूछा कि वह कहां जा रही है। छात्रा ने बताया कि वह अपनी मां और बीमार भाई के पास अस्पताल जा रही है।
आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और शोर मचाने से रोकने के लिए उसका मुंह बंद कर दिया। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। पीड़िता ने आरोपियों से उसे छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन उन्होंने उसकी बात नहीं मानी।
रास्ते में ले जाकर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी छात्रा को अंबा बाजार की ओर ले गए और फिर NH-139 से होते हुए शंकरपुर आरओबी के पास धावा गांव जाने वाले रास्ते पर पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि इसी इलाके में उसके साथ गैंगरेप और मारपीट की गई।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के बीच उसकी हत्या को लेकर भी बातचीत हो रही थी। यह सुनकर उसने अपनी जान बचाने के लिए आरोपियों से मिन्नतें कीं। उसने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे जब भी उसे बुलाएंगे, वह वहां आ जाएगी।
आरोपियों ने बाद में छात्रा को उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले कार से उतार दिया और वहां से फरार हो गए। जाने से पहले उन्होंने उसका मोबाइल फोन भी वापस कर दिया।
इसके बाद पीड़िता ने अपने दादा-दादी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। घर पहुंचने के बाद उसने परिवार के लोगों को आपबीती बताई। सोमवार को पीड़िता अपने माता-पिता के साथ कुटुंबा थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई।
ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी
पीड़िता के परिवार ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी है। परिजनों का दावा है कि यह ऑडियो कार में छात्रा के मोबाइल से रिकॉर्ड हुआ था। इसमें तेज आवाज में भोजपुरी गाना बजता सुनाई दे रहा है।
पुलिस के अनुसार, ऑडियो में एक आरोपी कथित तौर पर 21 लड़कियों को अपना शिकार बनाने की बात कहता सुनाई देता है। इस दावे की भी पुलिस जांच कर रही है।
औरंगाबाद के SP उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।