स्वरा भास्कर के जौहर वाले बयान पर भड़की करणी सेना, बोली- ‘घर में घुसकर मारेंगे’

KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर की साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘पद्मावत’ को लेकर की गई टिप्पणी एक बार फिर विवादों में है। स्वरा ने हाल ही में फिल्म के जौहर वाले सीन पर अपनी आपत्ति जताते हुए सवाल उठाया कि ऐसे दृश्यों का यौन हिंसा से गुजर चुकी महिलाओं पर क्या असर पड़ सकता है। उनके इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई लोगों ने उनके विचारों का विरोध किया।

अब इसी विवाद के बीच करणी सेना की ओर से स्वरा भास्कर को धमकी दिए जाने का दावा सामने आया है। संगठन से जुड़े लोगों ने एक्ट्रेस के बयान पर नाराजगी जताते हुए उन पर तीखी टिप्पणी की है। इतना ही नहीं, करणी सेना के मुंबई अध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौड़ ने स्वरा को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और धमकी भरा बयान भी दिया है।

स्वरा के बयान से नाराज करणी सेना

करणी सेना महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष किर्ति राठौड़ ने स्वरा भास्कर को अपनी भाषा सुधारने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि सनातन और वीरांगनाओं के बलिदान और शौर्य पर सवाल उठाने या आपत्तिजनक टिप्पणी करने का अधिकार किसी को नहीं है।

उन्होंने कहा कि राजपूताना का इतिहास वीरांगनाओं के त्याग और साहस की गवाही देता है। उनके मुताबिक, जौहर को समझने के लिए उस दौर के इतिहास और परिस्थितियों को समझना जरूरी है।

किर्ति राठौड़ ने आगे कहा कि अगर किसी ऐतिहासिक प्रथा पर सवाल उठाना है तो इतिहास और तथ्यों के आधार पर उठाया जाना चाहिए। लेकिन वीरांगनाओं के बलिदान को अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

‘घर में घुसकर मारेंगे’ जैसी धमकी

विवाद के बीच करणी सेना के मुंबई अध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौड़ का बयान भी सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वरा भास्कर ने राजस्थान की क्षत्राणियों और बहू-बेटियों का अपमान किया है। उन्होंने संगठन की ओर से सार्वजनिक माफी की मांग की।

सुरजीत सिंह राठौड़ ने कथित तौर पर कहा कि महिला करणी सेना के पदाधिकारियों से वह कहेंगे कि जहां स्वरा भास्कर दिखें, उनका मुंह काला किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ‘घर में घुसकर मारेंगे’ जैसी धमकी भी दी। फिलहाल, इस पूरे मामले पर स्वरा भास्कर की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, उनके पुराने बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *