KNEWS DESK – बॉलीवुड में करीना कपूर खान को लंबे समय से उनकी शानदार अदाकारी, बेबाक अंदाज और अलग तरह के किरदारों के लिए जाना जाता है। अपने करियर में उन्होंने रोमांटिक फिल्मों से लेकर कॉमेडी और ड्रामा तक कई तरह के किरदार निभाए हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय में उनके फिल्म चयन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अब करीना ऐसी कहानियों का हिस्सा बन रही हैं, जिनमें थ्रिलर, सस्पेंस और एक्शन का तड़का देखने को मिलता है। इसी कड़ी में उनकी नई फिल्म ‘दायरा’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
अगर करीना कपूर के पिछले कुछ सालों के करियर पर नजर डालें तो साफ नजर आता है कि वह अब सिर्फ स्टारडम पर निर्भर रहने के बजाय अलग और चुनौतीपूर्ण कहानियों को प्राथमिकता दे रही हैं। ‘लाल सिंह चड्ढा’ के बाद उनके प्रोजेक्ट्स में इस बदलाव को और स्पष्ट तौर पर देखा गया है। आइए जानते हैं उनकी पिछली कुछ फिल्मों के चुनाव और उन्हें दर्शकों से कैसा रिस्पॉन्स मिला।
‘जाने जान’ में दिखा अलग अंदाज
करीना कपूर की फिल्म ‘जाने जान’ एक मिस्ट्री थ्रिलर थी, जिसका लेखन और निर्देशन सुजोय घोष ने किया था। फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने के बजाय सीधे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई थी। इसमें करीना के साथ जयदीप अहलावत और विजय वर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। जयदीप ने फिल्म में एक सीरियल किलर का किरदार निभाया था। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और करीना के अभिनय की भी काफी तारीफ हुई।
‘द बकिंघम मर्डर्स’ में बनीं डिटेक्टिव
इसके बाद करीना कपूर ‘द बकिंघम मर्डर्स’ में एक बिल्कुल अलग भूमिका में दिखाई दीं। हंसल मेहता के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उन्होंने ब्रिटिश-इंडियन डिटेक्टिव का किरदार निभाया। उनका अभिनय और किरदार मजबूत था, लेकिन सस्पेंस से भरपूर होने के बावजूद फिल्म बड़े स्तर पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब नहीं हो सकी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और इसे उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली।
करीना की फिल्म ‘क्रू’ ने उनके करियर में एक अलग रंग जोड़ा। चोरी के मास्टर प्लान पर आधारित इस फिल्म में करीना के साथ तब्बू, कृति सेनन, दिलजीत दोसांझ और अन्य कलाकार नजर आए। फिल्म की कहानी और कलाकारों की कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने पसंद किया। बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया और करीब 160 करोड़ रुपये की कमाई करने में सफल रही।
‘सिंघम अगेन’ में एक्शन का तड़का
करीना कपूर ने रोहित शेट्टी की ‘सिंघम अगेन’ में भी अपने किरदार से एक्शन जॉनर का हिस्सा बनीं। फिल्म में अजय देवगन लीड रोल में थे, जबकि करीना भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आईं। फिल्म में रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ, अक्षय कुमार, रवि किशन, सलमान खान, श्वेता तिवारी, दयानंद शेट्टी और फरहाना भट्ट समेत कई कलाकार शामिल थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म करीब 350 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और इसने लगभग 400 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
करीना कपूर की नई फिल्म ‘दायरा’ को लेकर अब फैंस की नजरें टिकी हुई हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार कर रही हैं, जबकि करीना कपूर के साथ पृथ्वीराज सुकुमारन अहम भूमिका में नजर आएंगे।
‘दायरा’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि करीना का यह नया थ्रिलर अवतार बॉक्स ऑफिस पर कितना असर छोड़ता है। उनके हालिया प्रोजेक्ट्स को देखकर इतना जरूर कहा जा सकता है कि करीना अब अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर लगातार अलग-अलग जॉनर और चुनौतीपूर्ण किरदारों को आजमा रही हैं।