KNEWS DESK – मूवी नाइट हो या शाम के वक्त कुछ मीठा और क्रिस्पी खाने का मन, कैरेमल पॉपकॉर्न हर मौके के लिए एक बेहतरीन स्नैक है. इसे घर पर बनाना भी बेहद आसान है. शेफ कुणाल कपूर के तरीके से आप कम सामग्री में स्वादिष्ट और बटर वाला कैरेमल पॉपकॉर्न तैयार कर सकते हैं.

पॉपकॉर्न बच्चों से लेकर बड़ों तक लगभग सभी को पसंद आता है. आमतौर पर लोग इसे मूवी देखने के दौरान या बाहर से खरीदकर खाना पसंद करते हैं. लेकिन अगर आप घर पर ही पॉपकॉर्न में कुछ नया फ्लेवर देना चाहते हैं, तो कैरेमल पॉपकॉर्न ट्राई कर सकते हैं.
इसकी सबसे खास बात है इसका मीठा, बटर जैसा स्वाद और क्रिस्पी टेक्सचर. पॉपकॉर्न तैयार करने के बाद इसे घर पर बनाए गए कैरेमल में अच्छी तरह कोट किया जाता है. इससे पॉपकॉर्न का हर दाना स्वादिष्ट और कुरकुरा बन जाता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
https://www.instagram.com/reels/Dbsb8qnPPDI/
कैरेमल पॉपकॉर्न के लिए सामग्री
- पॉपकॉर्न कॉर्न – ½ कप
- तेल – 3 चम्मच
- चीनी – ½ कप
- मक्खन – 2 चम्मच
- पानी – जरूरत के अनुसार
- बेकिंग सोडा – 1 चुटकी
- नमक – स्वादानुसार
ऐसे बनाएं घर पर पॉपकॉर्न
सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही या पैन लें और उसमें तेल गर्म करें. अब इसमें पॉपकॉर्न कॉर्न डालकर अच्छी तरह मिला दें. पैन को ढककर धीमी आंच पर पकने दें. पॉपकॉर्न चटकने के दौरान पैन को बीच-बीच में हल्का हिलाते रहें. इससे दाने नीचे चिपकेंगे नहीं और जलने से भी बचेंगे. जब पॉपकॉर्न के चटकने की आवाज काफी कम हो जाए, तो गैस बंद कर दें.तैयार पॉपकॉर्न को एक बड़े बाउल में निकालकर अलग रख दें.
अब तैयार करें बटर वाला कैरेमल
दूसरे पैन में चीनी और थोड़ा पानी डालकर धीमी आंच पर पकाएं. इसे तब तक पकने दें, जब तक चीनी पिघलकर सुनहरे रंग की न हो जाए. अब इसमें मक्खन डालें और अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद स्वाद के अनुसार थोड़ा नमक और एक चुटकी बेकिंग सोडा डालें. बेकिंग सोडा डालने के बाद कैरेमल में झाग बन सकता है, इसलिए इसे तुरंत अच्छी तरह मिला लें और गैस बंद कर दें.
पॉपकॉर्न पर ऐसे करें कैरेमल कोटिंग
कैरेमल तैयार होते ही इसे तुरंत पॉपकॉर्न के ऊपर डालें. स्पैटुला की मदद से पॉपकॉर्न को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि कैरेमल ज्यादा से ज्यादा दानों पर समान रूप से कोट हो जाए. अब एक प्लेट या बटर पेपर पर पॉपकॉर्न को फैलाकर कुछ मिनट ठंडा होने दें. ठंडा होने के साथ कैरेमल जम जाएगा और पॉपकॉर्न में शानदार क्रंच आ जाएगा.
गुड़ से भी बना सकते हैं कैरेमल पॉपकॉर्न
अगर आप चीनी की जगह कुछ अलग स्वाद चाहते हैं, तो गुड़ का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. गुड़ से तैयार पॉपकॉर्न का स्वाद अलग और बेहद स्वादिष्ट लगता है. इसे आप बच्चों की मूवी नाइट, घर की पार्टी या शाम के स्नैक के तौर पर सर्व कर सकते हैं. कैरेमल काफी गर्म होता है, इसलिए इसे बनाते और पॉपकॉर्न पर डालते समय सावधानी बरतें.