KNEWS DESK- जन्माष्टमी के मौके पर अगर आप भगवान श्रीकृष्ण के लिए घर पर आसान और स्वादिष्ट प्रसाद बनाना चाहते हैं, तो मलाईदार लड्डू एक बेहतरीन विकल्प हैं. खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए गैस जलाने की जरूरत नहीं पड़ती और ये कम समय में तैयार हो जाते हैं.

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी का पर्व भक्तों के लिए बेहद खास होता है. इस दिन घरों और मंदिरों में कान्हा के लिए तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां तैयार की जाती हैं. इस साल जन्माष्टमी का त्योहार 4 सितंबर 2026 को मनाया जाएगा. ऐसे में अगर आप भी कान्हा के भोग के लिए कुछ अलग और झटपट तैयार होने वाली मिठाई बनाना चाहते हैं, तो मलाई लड्डू ट्राई कर सकते हैं.
इन लड्डुओं की खासियत है कि इन्हें बनाने के लिए किसी तरह की कुकिंग की जरूरत नहीं है. नारियल, पनीर, काजू और मिल्क पाउडर जैसी चीजों से तैयार होने वाले ये लड्डू स्वाद में बेहद मुलायम और मलाईदार होते हैं. आइए जानते हैं इन्हें बनाने का आसान तरीका.
मलाई लड्डू बनाने के लिए चाहिए ये सामग्री
- 1 कप ताजा नारियल
- 1½ कप फ्रेश पनीर
- 1½ कप काजू
- 1½ कप मिल्क पाउडर
- ¼ कप पिसी हुई चीनी
- 1½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- केसर के कुछ धागे
- 2 चम्मच दूध
- सजाने के लिए पिस्ता
- जरूरत पड़ने पर थोड़ा दूध
- लड्डू बनाने के लिए थोड़ा देसी घी
चीनी एक साथ ज्यादा न डालें. शुरुआत में करीब 3 बड़े चम्मच चीनी डालकर मिश्रण का स्वाद चखें और जरूरत के मुताबिक मात्रा बढ़ा सकते हैं.
बिना गैस जलाए ऐसे बनाएं मलाई लड्डू
सबसे पहले ताजे नारियल को तोड़कर उसका पानी निकाल लें. इसके बाद नारियल का बाहरी छिलका हटाकर सफेद हिस्से को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. पनीर को भी हाथों से अच्छी तरह क्रश कर लें.
अब ब्लेंडर में नारियल, पनीर, काजू, पिसी हुई चीनी और मिल्क पाउडर डालें. सभी सामग्री को अच्छी तरह ब्लेंड करें. ब्लेंड करने के बाद मिश्रण नरम और आटे जैसा हो जाएगा.
अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लग रहा है या ब्लेंड करने में परेशानी हो रही है, तो इसमें एक बार में सिर्फ 1 छोटा चम्मच दूध डालें. ध्यान रखें कि दूध ज्यादा न डालें, वरना मिश्रण बहुत गीला हो सकता है.
अब तैयार मिश्रण को एक प्लेट में निकाल लें. हाथों पर थोड़ा देसी घी लगाएं और मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां लेकर गोल लड्डू बना लें.
सभी लड्डू तैयार होने के बाद केसर को 2 चम्मच दूध में भिगोकर रखें और फिर इस केसर वाले दूध को लड्डुओं के ऊपर लगाएं. आखिर में पिस्ते से इन्हें गार्निश करें.
तैयार लड्डुओं को कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें. इसके बाद जन्माष्टमी पर इन्हें भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाएं और प्रसाद के रूप में परिवार के साथ बांटकर खुद भी खाएं.
https://www.instagram.com/reels/DcNaLv1pdTH/
कम मेहनत में तैयार होगा स्वादिष्ट भोग
जन्माष्टमी के व्यस्त दिन में अगर आपके पास ज्यादा समय नहीं है, तो यह नो-कुक मलाई लड्डू रेसिपी काफी काम आ सकती है. इसमें गैस जलाने की जरूरत नहीं पड़ती और घर में आसानी से मिलने वाली सामग्री से स्वादिष्ट प्रसाद तैयार किया जा सकता है.