KNEWS DESK- Mahindra Thar 3-Door को कंपनी जल्द ही नए अपडेट के साथ बाजार में उतार सकती है. इस लोकप्रिय ऑफ-रोड SUV के फेसलिफ्ट मॉडल को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है. हाल ही में सामने आए टेस्टिंग मॉडल में इसके फ्रंट डिजाइन में बदलाव नजर आए हैं. माना जा रहा है कि कंपनी इसके लुक के साथ-साथ फीचर्स और सेफ्टी को भी पहले से बेहतर कर सकती है.

Mahindra Thar 3-Door Facelift की आधिकारिक लॉन्च डेट अभी घोषित नहीं हुई है. हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कंपनी इसे 2026 के फेस्टिव सीजन के आसपास, यानी अक्टूबर या नवंबर में पेश कर सकती है. अपडेट के बाद SUV की कीमत मौजूदा मॉडल की तुलना में कुछ ज्यादा हो सकती है. वर्तमान में 3-डोर थार की कीमत करीब 10.3 लाख रुपये से 18 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है.
बदला हुआ फ्रंट लुक आएगा नजर
नई थार के टेस्टिंग मॉडल में सबसे बड़ा बदलाव इसके फ्रंट हिस्से में दिखाई दे रहा है. SUV में नया ग्रिल डिजाइन मिलने की उम्मीद है. शुरुआती रिपोर्ट्स में थार रॉक्स जैसी डबल-स्टैक्ड 6-स्लैट ग्रिल मिलने की बात सामने आई थी, लेकिन टेस्टिंग मॉडल में अलग डिजाइन की 5-स्लॉट ग्रिल दिखाई दी है. ग्रिल के एक हिस्से में छोटा ट्रिम पीस भी नजर आया है, जिस पर Thar की बैजिंग दिए जाने की संभावना है. इससे SUV का फ्रंट मौजूदा मॉडल से ज्यादा अलग दिखाई दे सकता है.
टेस्टिंग के दौरान दिखाई दिए मॉडल में नए 5-स्पोक अलॉय व्हील नजर आए हैं. इसके अलावा व्हील आर्च क्लैडिंग में भी मामूली बदलाव किए जाने की उम्मीद है. नई थार में चारों तरफ LED लाइटिंग के साथ LED टर्न इंडिकेटर्स मिल सकते हैं. इसके अलावा कंपनी इसमें नए डिजाइन की LED टेल लाइट और अपडेटेड बंपर भी दे सकती है.
मौजूदा थार में वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto के साथ 10.25 इंच का फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 6-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, क्रूज कंट्रोल और मैनुअल AC जैसे फीचर्स मिलते हैं. फेसलिफ्ट मॉडल में कंपनी इंटीरियर को ज्यादा प्रीमियम बनाने पर जोर दे सकती है. इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें और लेदरेट अपहोल्स्ट्री जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है.
नई थार में सेफ्टी फीचर्स को भी पहले से बेहतर किए जाने की संभावना है. मौजूदा मॉडल में ABS के साथ EBD, ESP, एयरबैग, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, रियर कैमरा और पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स मिलते हैं. फेसलिफ्ट में 6 एयरबैग, 540-डिग्री कैमरा, ADAS और फ्रंट पार्किंग सेंसर जैसे अतिरिक्त फीचर्स दिए जा सकते हैं. हालांकि, इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि कंपनी की ओर से लॉन्च के समय ही होगी.
इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
Mahindra Thar 3-Door Facelift में मौजूदा इंजन विकल्पों को बरकरार रखा जा सकता है. इसमें 1.5 लीटर डीजल इंजन करीब 119 hp, 2.2 लीटर डीजल इंजन 132 hp और 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन करीब 152 hp का पावर आउटपुट दे सकता है. ट्रांसमिशन की बात करें तो 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स उपलब्ध रहेगा. वहीं 2.2 लीटर डीजल और 2.0 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक का विकल्प मिल सकता है.
हाई-स्पेक इंजन वेरिएंट में 4×4 ड्राइवट्रेन जारी रहने की उम्मीद है, जबकि 1.5 लीटर डीजल वर्जन रियर-व्हील ड्राइव सेटअप के साथ आ सकता है. नई थार में हाइड्रोलिक के बजाय इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग मिलने की भी संभावना जताई जा रही है. Mahindra Thar 3-Door Facelift के डिजाइन, फीचर्स, कीमत और लॉन्च से जुड़ी कई जानकारियां अभी रिपोर्ट्स और टेस्टिंग मॉडल पर आधारित हैं. कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही इनकी अंतिम पुष्टि होगी.