बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम ने संभाली कमान, यूपी-पंजाब समेत चुनावी राज्यों को लेकर बनी रणनीति; संगठन को मजबूत करने और सेवा संकल्प अभियान पर भी हुई चर्चा
Knews Desk– भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिवों के साथ गुरुवार को पहली संगठनात्मक बैठक की। बीजेपी मुख्यालय में हुई यह बैठक करीब चार घंटे तक चली। बैठक में उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले राज्यों की तैयारियों और पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े, सतीश पूनिया समेत पार्टी के सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव शामिल हुए। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक के बाद नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि संगठनात्मक तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बीजेपी के लिए 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं। अगले साल पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें पंजाब और हिमाचल प्रदेश में बीजेपी सत्ता से बाहर है, जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और गुजरात में पार्टी की सरकार है। ऐसे में बैठक में सत्ता वाले राज्यों में सरकार को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ विपक्षी दलों के कब्जे वाले राज्यों में पार्टी की स्थिति बेहतर करने को लेकर भी मंथन किया गया।
बीजेपी अध्यक्ष ने हाल ही में विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश में पार्टी के राजनीतिक मामलों का प्रभारी बनाया है। वहीं सतीश पूनिया को पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों राज्यों में आगामी चुनावों को देखते हुए इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में संगठन से जुड़े कई अहम मुद्दों के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। बीजेपी 17 सितंबर से देशभर में एक महीने तक यह अभियान चलाएगी। पार्टी की ओर से इस अभियान के जरिए संगठन और सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी है।
पार्टी की नई टीम के गठन के बाद हुई यह पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक मानी जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी ने 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्यों में संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।