knews desk – अनन्या पांडे एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्ट्रेस और वॉकर ब्लैंको का ब्रेकअप हो गया है. बताया जा रहा है कि करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने अपनी राहें अलग कर ली हैं.
अनन्या और वॉकर की मुलाकात अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी के फंक्शन के दौरान हुई थी. दोनों ने कभी सार्वजनिक तौर पर अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की, लेकिन कई मौकों पर उनकी तस्वीरें और साथ में मौजूदगी सामने आती रही. इन तस्वीरों के बाद फैंस को दोनों के रिश्ते का अंदाजा लग गया था.
दोनों की जोड़ी को सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद किया जाता था. हालांकि, अब उनके अलग होने की खबर ने फैंस को चौंका दिया है. ब्रेकअप की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है, लेकिन एक सूत्र ने दोनों के अलग होने की जानकारी दी है.
आपसी सहमति से लिया अलग होने का फैसला
ETimes की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया कि पिछले हफ्ते अनन्या ने रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया. हालांकि, दोनों के बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं है और यह फैसला आपसी सहमति से लिया गया है.
पिछले दो सालों में अनन्या और वॉकर को कई बार साथ देखा गया. दोनों ने सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे की पोस्ट में जगह बनाई. अनन्या की प्राइवेट बर्थडे पार्टी में भी वॉकर शामिल हुए थे.
अनन्या के जन्मदिन पर वॉकर ने इंस्टाग्राम पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए लिखा था, “हैप्पी बर्थडे, ब्यूटीफुल. तुम बहुत खास हो. आई लव यू, एनी!” उनके इस पोस्ट के बाद फैंस ने इसे दोनों के रिश्ते की सार्वजनिक पुष्टि के तौर पर देखा था.
इतना ही नहीं, अनन्या को वॉकर के नाम के शुरुआती अक्षरों वाला नेकलेस पहने हुए भी देखा गया था. इन तमाम चीजों के चलते दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा लगातार बनी रही.
अनन्या पांडे ने एक इंटरव्यू में प्यार को लेकर अपनी सोच भी साझा की थी. उन्होंने कहा था कि उनके लिए प्यार सिर्फ रोमांटिक रिश्ते तक सीमित नहीं है. उनके मुताबिक, प्यार में दोस्ती, कनेक्शन, भरोसा और खुद को वैसे ही रहने की आजादी शामिल है.
फिलहाल अनन्या पांडे और वॉकर ब्लैंको की ओर से ब्रेकअप को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसे में दोनों के रिश्ते के खत्म होने की खबरें फिलहाल रिपोर्ट्स और सूत्रों पर आधारित हैं.