Raksha Bandhan 2026: 27 को पूर्णिमा, फिर 28 अगस्त को ही क्यों बंधेगी राखी? जानें सही तारीख और मुहूर्त

Knews Desk- रक्षाबंधन हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी स्नेह का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधती हैं और उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहन की रक्षा करने का संकल्प लेते हैं। हालांकि, इस बार रक्षाबंधन की तारीख को लेकर लोगों के बीच थोड़ा भ्रम है। इसकी वजह सावन पूर्णिमा की तिथि का दो दिनों तक होना है।

दरअसल, सावन पूर्णिमा की तिथि 27 अगस्त की सुबह 9 बजकर 9 मिनट से शुरू हुई है और 28 अगस्त की सुबह 9 बजकर 47 मिनट तक रहेगी। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पूर्णिमा 27 अगस्त को शुरू हो गई तो रक्षाबंधन 28 अगस्त को क्यों मनाया जा रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार, किसी भी व्रत या त्योहार की तिथि निर्धारित करने में उदया तिथि यानी सूर्योदय के समय मौजूद तिथि को विशेष महत्व दिया जाता है।28 अगस्त को सूर्योदय के समय पूर्णिमा तिथि मौजूद रहेगी। इसी वजह से शास्त्रों के अनुसार रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाना मान्य माना जा रहा है। वहीं 27 अगस्त को पूर्णिमा व्रत रखा जा रहा है। 28 अगस्त को स्नान-दान के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा।

इस साल सावन पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह 9:09 बजे शुरू हुई और 28 अगस्त की सुबह 9:47 बजे तक रहेगी। 27 अगस्त को चतुर्दशी युक्त पूर्णिमा और चंद्रोदय व्यापिनी होने के कारण पूर्णिमा व्रत रखा गया है। वहीं अगले दिन उदया तिथि के अनुसार पूर्णिमा रहने के कारण रक्षाबंधन मनाने का निर्णय लिया गया है।राखी बांधने के शुभ समय की बात करें तो 28 अगस्त की सुबह का समय काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तम मुहूर्त सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा। इस दौरान बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांध सकती हैं। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:04 बजे से 12:53 बजे तक रहेगा।

28 अगस्त की सुबह राखी बांधना इसलिए भी शुभ माना जा रहा है क्योंकि सूर्योदय के समय भद्रा नहीं है। साथ ही सुबह 9:48 बजे तक पूर्णिमा तिथि भी मौजूद रहेगी। इसलिए बहनें कोशिश कर सकती हैं कि पूर्णिमा तिथि समाप्त होने से पहले राखी बांध दें।यानी इस बार सावन पूर्णिमा 27 अगस्त को शुरू होने के बावजूद रक्षाबंधन को लेकर भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। उदया तिथि के अनुसार 28 अगस्त, शुक्रवार को ही रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। भाई-बहन के इस खास त्योहार को लेकर देशभर में तैयारियां भी जोरों पर हैं और बाजारों में राखी, मिठाई और उपहारों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *