Knews Desk– उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने यूपीटीईटी 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग ने 26 अगस्त 2026 को पेपर 1 और पेपर 2 का परिणाम घोषित किया। जिन अभ्यर्थियों ने 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित यूपीटीईटी परीक्षा में हिस्सा लिया था, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं और स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
यूपीटीईटी पेपर 1 की परीक्षा कक्षा 1 से 5 तक के लिए शिक्षक बनने की पात्रता से जुड़ी है। इस परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 5,71,435 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। इस तरह पेपर 1 में पास होने वाले अभ्यर्थियों का प्रतिशत 80.07 फीसदी रहा।वहीं, पेपर 2 की बात करें तो यह परीक्षा कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने की पात्रता के लिए आयोजित की जाती है। पेपर 2 में कुल 10,57,021 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी पास हुए हैं। इस पेपर का पासिंग प्रतिशत 71.85 फीसदी रहा है। दोनों पेपर में सफल होने वाले उम्मीदवार अब शिक्षक भर्ती के लिए अपनी पात्रता का इस्तेमाल कर सकेंगे।
यूपीटीईटी पास करने वाले अभ्यर्थियों को पात्रता प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। यह प्रमाण पत्र जीवनभर के लिए वैध रहता है। इसका मतलब है कि एक बार यूपीटीईटी पास करने के बाद उम्मीदवार को दोबारा इस पात्रता परीक्षा को पास करने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, शिक्षक भर्ती के लिए संबंधित भर्ती के अन्य नियमों और योग्यता शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा।यूपीटीईटी 2026 का रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर दिए गए UPTET Result 2026 के लिंक पर क्लिक करना होगा। यहां अभ्यर्थी को अपना रोल नंबर और जन्मतिथि जैसी जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। लॉगिन करने के बाद स्क्रीन पर रिजल्ट और स्कोरकार्ड दिखाई देगा। अभ्यर्थी इसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए इसका प्रिंटआउट भी रख सकते हैं।
आयोग ने यूपीटीईटी 2026 में शामिल कार्यरत शिक्षकों के परिणाम से जुड़े आंकड़े भी जारी किए हैं। प्राथमिक स्तर पर परीक्षा देने वाले 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इनका सफलता प्रतिशत 76.29 फीसदी रहा। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 1,13,384 शिक्षक सफल हुए। इस स्तर पर सफलता दर 77.45 फीसदी रही।इस बार यूपीटीईटी की परीक्षा तीन दिनों में पांच शिफ्ट में आयोजित की गई थी। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को उत्तर प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केंद्रों पर कराई गई थी। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षाएं अलग-अलग शिफ्ट में आयोजित की गई थीं। रिजल्ट जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों की नजर आगामी शिक्षक भर्ती पर है।