Knews Desk: कानपुर में बच्चों के खाने-पीने के सामान को लेकर लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दादा नगर इंडस्ट्रियल एरिया से जुड़े पनकी इंडस्ट्रियल डंपिंग एरिया में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी चॉकलेट, टॉफी और बिस्किट खुले में फेंके मिले। पैकेट में बंद सामान को देखकर आसपास के लोग उसे नया समझ बैठे और बड़ी संख्या में वहां पहुंचकर उसे अपने साथ ले जाने लगे।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क किनारे झाड़ियों और कचरे के बीच बड़ी मात्रा में पैक्ड चॉकलेट, टॉफी और बिस्किट पड़े दिखाई दे रहे हैं। इन्हें देखकर लोग सामान उठाने के लिए पहुंचते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग बड़ी मात्रा में पैकेट लेकर अपने घर जाते भी दिखाई दे रहे हैं।
पैक सामान देखकर नहीं लगा एक्सपायरी का अंदाजा
बताया जा रहा है कि यह खाद्य सामग्री किसी फैक्ट्री में तैयार की गई थी। एक्सपायरी होने के बाद इसे गत्तों और डिब्बों में भरकर इंडस्ट्रियल एरिया में फेंक दिया गया। पैकेट बंद होने की वजह से वहां पहुंचे लोगों को शुरुआत में यह सामान नया लगा और उन्होंने उसे उठाना शुरू कर दिया।
हालांकि, एक्सपायरी खाद्य सामग्री का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। खासकर बच्चों को ऐसी चॉकलेट, टॉफी और बिस्किट खिलाना गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है।
वायरल वीडियो का खाद्य विभाग ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद कानपुर खाद्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। कानपुर के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक, मामले की जांच कराई जा रही है। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री किस फैक्ट्री से आई और उसे खुले में किसने फेंका।
अधिकारी ने यह भी कहा कि संबंधित फैक्ट्री मालिक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि जो लोग इस सामान को अपने घर ले गए हैं, वे इसे बच्चों या किसी अन्य व्यक्ति को खाने के लिए न दें।
लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना ने खाद्य सामग्री के निपटारे और एक्सपायरी उत्पादों को लेकर कंपनियों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर एक्सपायरी सामान को खुले में फेंका जाता है तो उसके दोबारा लोगों के हाथ लगने का खतरा बना रहता है।
फिलहाल खाद्य विभाग वायरल वीडियो की जांच में जुटा है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सामान किस फैक्ट्री का था और एक्सपायरी खाद्य सामग्री को इस तरह खुले में फेंकने के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई की जाती है।