दो हफ्तों में ₹40 हजार करोड़ के ऑर्डर, L&T की ग्लोबल इंजीनियरिंग क्षमता का बजा डंका

Knews Desk: देश की दिग्गज इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) ने महज दो हफ्तों में करीब 40 हजार करोड़ रुपये के बड़े ऑर्डर हासिल कर अपनी ग्लोबल मौजूदगी का दम दिखाया है। कंपनी को मिडिल ईस्ट में बड़े हाइड्रोकार्बन और एनर्जी प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े अहम ऑर्डर मिले हैं। इनमें करीब 25 हजार करोड़ रुपये के ऑर्डर मिडिल ईस्ट से आए हैं, जबकि एक बड़ा ऑर्डर AI इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में मिला है।

L&T को हाल ही में मिडिल ईस्ट में तीन बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) प्रोजेक्ट्स का बड़ा ऑर्डर मिला है। इन प्रोजेक्ट्स की कुल स्टोरेज क्षमता 6 गीगावाट-घंटे है और इनकी अनुमानित कीमत 5 हजार से 10 हजार करोड़ रुपये के बीच है। कंपनी इन प्रोजेक्ट्स के लिए बैटरी स्टोरेज सिस्टम के साथ सब-स्टेशन और अंडरग्राउंड केबल समेत जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार करेगी। प्रत्येक प्रोजेक्ट में चार घंटे की स्टोरेज क्षमता होगी।

बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम का इस्तेमाल कम मांग के समय अतिरिक्त बिजली को स्टोर करने और अधिक मांग के समय उसकी आपूर्ति करने के लिए किया जाएगा। इससे पावर ग्रिड की स्थिरता बेहतर करने और रिन्यूएबल एनर्जी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। प्रोजेक्ट्स में लिक्विड कूलिंग तकनीक का इस्तेमाल भी किया जाएगा।इससे पहले L&T को खाड़ी क्षेत्र में एक बड़े क्लाइंट के लिए गैस कंप्रेशन प्रोजेक्ट का अल्ट्रा-मेगा कॉन्ट्रैक्ट मिला था। कंपनी 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर को अल्ट्रा-मेगा कैटेगरी में रखती है। यह कॉन्ट्रैक्ट L&T की सब्सिडियरी L&T Energy Hydrocarbon Onshore को मिला है। इसके तहत कंपनी sour gas को प्रोसेस करने वाले ऑनशोर इंस्टॉलेशन के लिए गैस कंप्रेशन प्लांट का इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन यानी EPC काम करेगी।

प्रोजेक्ट में गैस इनलेट सुविधाएं, गैस कंप्रेशन सिस्टम, कंडेनसेट और प्रोड्यूस्ड-वॉटर हैंडलिंग सिस्टम तथा प्रोपेन रेफ्रिजरेशन सिस्टम जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इसके अलावा L&T का पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस प्लांट की बिजली जरूरतों के लिए दो 230 केवी एक्स्ट्रा-हाई-वोल्टेज सब-स्टेशन भी बनाएगा।वहीं, 13 अगस्त को कंपनी ने भारत के सबसे बड़े सिंगल-क्लस्टर AI इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक की जानकारी दी थी। इसके तहत Together AI के लिए चेन्नई स्थित L&T डेटा सेंटर कैंपस में 10 हजार NVIDIA B300 GPU लगाए जाएंगे। इस ऑर्डर की कीमत करीब 10 हजार से 15 हजार करोड़ रुपये के बीच बताई गई है।

यह प्रोजेक्ट L&T के AI इंफ्रास्ट्रक्चर कारोबार में एक महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी की योजना बड़े पैमाने पर AI ट्रेनिंग, इंफरेंस और फाइन-ट्यूनिंग के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने की है। चेन्नई कैंपस को गीगावाट-स्केल AI इंफ्रास्ट्रक्चर साइट के रूप में विकसित किया जा रहा है।लगातार मिल रहे इन बड़े ऑर्डर्स से L&T की ऑर्डर बुक को मजबूती मिली है। साथ ही, मिडिल ईस्ट के एनर्जी सेक्टर से लेकर भारत के तेजी से बढ़ते AI इंफ्रास्ट्रक्चर बाजार तक कंपनी की पहुंच का विस्तार हुआ है। यह भारतीय इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र की बढ़ती वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को भी दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *