तापसी पन्नू की ‘गांधारी’ पर चोरी का आरोप, मेकर्स ने बताया दावा झूठा

KNEWS DESK – तापसी पन्नू लंबे समय बाद स्क्रीन पर वापसी करने जा रही हैं। एक्ट्रेस की अपकमिंग फिल्म ‘गांधारी’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर सामने आने के बाद तापसी का दमदार और गंभीर अंदाज चर्चा में रहा। हालांकि, रिलीज से पहले ही फिल्म विवादों में घिर गई है।

दरअसल, मुंबई के लेखक राघव देसाई ने ‘गांधारी’ के मेकर्स पर उनकी कहानी और टाइटल को कॉपी करने का आरोप लगाया है। लेखक का दावा है कि उन्होंने साल 2024 में फिल्म मेकर्स के सामने इसी तरह की एक कहानी पेश की थी। उनका आरोप है कि बाद में उनके आइडिया को कनिका ढिल्लों के नाम से विकसित किया गया।

फिल्म पर क्या है आरोप?

राघव देसाई के आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर भी ‘गांधारी’ को लेकर सवाल उठने लगे। हालांकि, इन आरोपों पर अब फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी Kathha Pictures ने आधिकारिक बयान जारी कर सफाई दी है।

प्रोडक्शन हाउस ने आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि ‘गांधारी’ एक ओरिजिनल प्रोजेक्ट है। कंपनी के मुताबिक, फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले कनिका ढिल्लों का मूल काम है और इसे Kathha Pictures ने डेवलप किया है। https://www.instagram.com/p/DcavCJgs8eq/?

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि फिल्म को किसी दूसरे व्यक्ति के कॉन्सेप्ट की कॉपी बताए जाने और उसी टाइटल के इस्तेमाल से जुड़े आरोप झूठे हैं। प्रोडक्शन हाउस ने इन दावों को पूरी तरह खारिज किया है।

Kathha Pictures ने मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आम लोगों से भी अपील की है कि इन आरोपों को बिना पुष्टि किए गए दावों के तौर पर देखा जाए। प्रोडक्शन हाउस ने कहा कि इन्हें स्थापित तथ्य की तरह प्रकाशित या शेयर करने से बचना चाहिए।

कब रिलीज होगी ‘गांधारी’?

‘गांधारी’ एक रिवेंज ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन देवाशीष मखीजा ने किया है। फिल्म में तापसी पन्नू के साथ इश्वाक सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग मार्च में पूरी हो चुकी है।

तापसी पन्नू की यह फिल्म 3 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। अब रिलीज से पहले लगे इन आरोपों के बीच दर्शकों की नजर फिल्म और मेकर्स की प्रतिक्रिया पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *