KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी इन दिनों चर्चा में है। दोनों के रिश्ते को लेकर लंबे समय से तरह-तरह की खबरें सामने आ रही हैं। सुनीता ने गोविंदा पर उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया है। यहां तक कि उनके तलाक की अर्जी दाखिल करने की खबर भी सामने आई थी। इस बीच अब गोविंदा की भांजी बहू और एक्ट्रेस कश्मीरा शाह ने इस पूरे विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी है।
कश्मीरा शाह ने अपने मामा-ससुर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा का समर्थन किया है। हाल ही में अभिषेक कुमार की बर्थडे पार्टी के बाहर पैपराजी ने कश्मीरा से गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर सवाल किया। इस पर कश्मीरा ने पैपराजी से इस कपल को अकेला छोड़ने की अपील की।
कश्मीरा ने कहा कि जब दोनों ने एक-दूसरे को छोड़ दिया है तो उन्हें भी अकेला छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग बार-बार इस मामले को लेकर सवाल क्यों कर रहे हैं। इसके साथ ही कश्मीरा ने साफ तौर पर सुनीता का समर्थन करते हुए कहा कि वह उनके साथ हैं।
कश्मीरा ने कहा कि सुनीता ने पहले कभी अपनी आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि क्या गलत है और क्या सही। लेकिन अगर वह आज इस तरह की बातें कह रही हैं, तो जरूर कुछ गलत हुआ होगा। कश्मीरा ने आगे कहा कि वह अपने परिवार की सभी महिलाओं के साथ खड़ी रहेंगी और किसी भी परिस्थिति में अपने परिवार की रक्षा करेंगी।
इससे पहले कश्मीरा के पति और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक भी गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। कृष्णा ने कहा था कि घर की बात घर में ही रहनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पसंद नहीं है कि दूसरे लोग इस मामले पर इतनी चर्चा करें।
कृष्णा ने साफ किया था कि गोविंदा उनके मामा हैं, इसलिए वह अपनी तरफ से इस मामले पर कुछ नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपनी मामी सुनीता और मामा गोविंदा दोनों से प्यार करते हैं और बस यही चाहते हैं कि सब कुछ जल्द ठीक हो जाए।