DUSU Election 2026: NSUI का बड़ा दांव, छात्रों से मिले 6 हजार सुझावों से बनेगा घोषणापत्र

Knews Desk– दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन यानी DUSU Election 2026 को लेकर छात्र संगठनों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने चुनाव के लिए छात्रों के बीच अपना अभियान शुरू किया है. संगठन की ओर से चलाए जा रहे ‘मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र’ अभियान के तहत दिल्ली यूनिवर्सिटी के अलग-अलग कॉलेजों में छात्रों से बातचीत की जा रही है. इस अभियान के जरिए NSUI छात्रों की समस्याओं, जरूरतों और प्राथमिकताओं को समझने की कोशिश कर रही है.

NSUI का दावा है कि अभियान शुरू होने के करीब एक सप्ताह के भीतर उसे छात्रों की ओर से लगभग 6,000 सुझाव मिल चुके हैं. संगठन का कहना है कि इन सुझावों को आधार बनाकर DUSU Election 2026 के लिए ऐसा घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें छात्रों की वास्तविक समस्याओं और उनकी अपेक्षाओं को जगह दी जाएगी. NSUI के मुताबिक, घोषणा पत्र केवल संगठन की ओर से तैयार नहीं किया जाएगा, बल्कि छात्रों की भागीदारी से तैयार किया जाएगा.

अभियान के दौरान NSUI की विभिन्न कॉलेज इकाइयों की टीमें छात्रों से सीधे मुलाकात कर रही हैं. छात्र अपनी समस्याओं और सुझावों को टीम के सदस्यों के सामने रख रहे हैं. इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर सुझाव पेटियां भी रखी गई हैं, जिनके जरिए छात्र अपनी बात संगठन तक पहुंचा सकते हैं. NSUI का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य चुनाव के दौरान केवल राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय छात्रों के रोजमर्रा के कैंपस जीवन से जुड़े मुद्दों को चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाना है.NSUI मीडिया प्रभारी रवि पांडेय ने कहा कि केवल एक सप्ताह में करीब 6,000 सुझाव मिलना इस बात का संकेत है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र अपनी आवाज को मजबूती से सामने रखना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि संगठन प्राप्त सभी सुझावों का विश्लेषण करेगा और छात्रों की प्राथमिकताओं के आधार पर अंतिम घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा.

संगठन के अनुसार, छात्रों की ओर से उन तमाम मुद्दों पर सुझाव दिए जा रहे हैं, जिनमें वे बदलाव चाहते हैं. इनमें कैंपस से जुड़ी सुविधाएं, छात्र हित और विश्वविद्यालय में बेहतर व्यवस्था जैसे विषय शामिल हैं. हालांकि, अंतिम घोषणा पत्र में किन मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी, यह सुझावों के विश्लेषण के बाद तय किया जाएगा.NSUI ने साफ किया है कि ‘मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र’ अभियान केवल एक सप्ताह तक सीमित नहीं रहेगा. आने वाले दिनों में संगठन की टीमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के अलग-अलग कैंपस और कॉलेजों में जाकर ज्यादा से ज्यादा छात्रों से संपर्क करेंगी. इसके जरिए संगठन छात्रों की समस्याओं और सुझावों को व्यापक छात्र एजेंडे में शामिल करने की कोशिश करेगा.

DUSU Election 2026 के लिए मतदान 18 सितंबर को प्रस्तावित है. इस बार चुनाव प्रचार को लेकर भी कई तरह के नियम और प्रतिबंध चर्चा में हैं और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल महत्वपूर्ण हो सकता है. ऐसे में छात्र संगठनों के लिए छात्रों तक सीधे पहुंच बनाना और अपने एजेंडे को प्रभावी तरीके से सामने रखना अहम होगा.NSUI का कहना है कि यूनिवर्सिटी की प्राथमिकताएं छात्रों के साथ संवाद और उनकी भागीदारी के जरिए तय होनी चाहिए. संगठन के मुताबिक, उसका अभियान दिल्ली यूनिवर्सिटी में अधिक समावेशी, जवाबदेह और छात्र-केंद्रित व्यवस्था की दिशा में एक कदम है. अब देखना होगा कि छात्रों से मिले 6,000 सुझावों में से किन मुद्दों को NSUI अपने अंतिम घोषणा पत्र में जगह देती है और DUSU चुनाव में इसका कितना असर देखने को मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *