अयोध्या में मछली भोज पर सियासी घमासान, सीएम योगी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम में मछली परोसे जाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर कथित दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए इसे असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया।

Knews Desk- अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मछली परोसे जाने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। सावन के महीने में आयोजित इस कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले को लेकर कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये पर सवाल उठाए हैं।

दरअसल, अजय राय रविवार को पार्टी नेताओं के साथ अयोध्या पहुंचे थे। यहां उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में बजरंग बली के दर्शन किए और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। बाद में वह तारुन स्थित अर्पित मैरिज लॉन में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए। इसी कार्यक्रम के दौरान मछली पकाए जाने का वीडियो सामने आया, जिसके बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई।

सीएम योगी ने कांग्रेस पर बोला हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस नेता राम नाम का जाप करते हैं और मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना करते हैं, वहीं दूसरी तरफ अयोध्या में मछली भोज का आयोजन किया जाता है। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा आचरण बताया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हनुमानगढ़ी में दर्शन करने गए और उसके बाद मछली की दावत में शामिल हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मछली खानी ही थी तो इसके लिए अयोध्या से बाहर का स्थान चुना जा सकता था।

‘गिरगिट भी शर्मा जाए’

सीएम योगी ने कांग्रेस नेताओं के रवैये पर तंज कसते हुए कहा कि उनके इस तरह के दोहरे व्यवहार को देखकर गिरगिट भी शर्मिंदा हो जाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ राम-राम का जाप और बजरंग बली के मंदिर में दंडवत करने का दिखावा किया जाता है, जबकि दूसरी ओर मछली भोज का आयोजन किया जाता है।

पवन खेड़ा ने किया कांग्रेस का बचाव

वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी के हमले पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों को इसलिए उठाया जा रहा है ताकि पेपर लीक जैसे महत्वपूर्ण सवालों से जनता का ध्यान हटाया जा सके।

पवन खेड़ा ने कहा कि अजय राय शाकाहारी हैं और उन्होंने मछली नहीं खाई। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई व्यक्ति मछली खाता भी है, तो इसमें आपत्ति की क्या बात है। खेड़ा ने अयोध्या से जुड़े अन्य मुद्दों का जिक्र करते हुए बीजेपी पर असल सवालों से बचने का आरोप लगाया।

इस पूरे विवाद के बाद अयोध्या में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होती नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *