KNEWS DESK- दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की नई संगठनात्मक टीम की दो दिवसीय समीक्षा बैठक के दूसरे दिन 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। इसमें सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रभारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य फोकस सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने और युवाओं, खासकर Gen-Z, से सीधा संवाद बढ़ाने पर रहा।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि केंद्र और राज्य सरकारों के पास जनता को बताने के लिए कई उपलब्धियां हैं, लेकिन उन्हें सकारात्मक और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। पार्टी नेताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं का प्रचार करने की रणनीति पर काम करने को कहा गया।
कैंपस में युवाओं से संवाद करेगी BJP
भाजपा ने युवा वोटर्स के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए विश्वविद्यालयों और कॉलेज कैंपस तक जाने की योजना पर चर्चा की। पार्टी नेताओं को युवाओं से सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं तथा विचारों को समझने की जिम्मेदारी देने पर विचार किया गया।
बैठक में Gen-Z के लिए एक विशेष टीम बनाने पर भी चर्चा हुई। इस टीम में वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े जैसे नेताओं को मार्गदर्शन की जिम्मेदारी दिए जाने की बात सामने आई। पार्टी का उद्देश्य सोशल मीडिया और कैंपस के जरिए युवा मतदाताओं से सीधा जुड़ाव बढ़ाना है।
2027 के सात राज्यों पर फोकस
बैठक में 2027 में होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर भी रणनीति पर चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब पर पार्टी का विशेष फोकस बताया गया। शनिवार को बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। उन्होंने नई टीम को जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ने और संगठन को मजबूत करने का मंत्र दिया।
पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व के संतुलन पर भी जोर दिया। बैठक में बताया गया कि टीम में बड़ी संख्या में नए चेहरों को शामिल किया गया है।
स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बैठक के बाद स्मृति ईरानी ने महिला आरक्षण और हिंदू धर्म से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से महिला आरक्षण के 33 प्रतिशत प्रावधान को लागू करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने मनुस्मृति और हिंदू धर्म को लेकर कांग्रेस नेता के हालिया बयान का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में महिलाओं को सम्मान दिया गया है। स्मृति ईरानी ने ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता’ का उल्लेख किया और वंदे मातरम् के पूर्ण गायन को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए।
भाजपा की नई टीम की बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ 2027 के चुनावों के लिए युवा और Gen-Z वोटर्स तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति को अहम प्राथमिकता दी गई।