रक्षा मंत्रालय की ASO नाजिया खानम की संदिग्ध मौत, 3 महीने की गर्भवती थीं; ससुराल वालों पर FIR

KNEWS DESK- दिल्ली के द्वारका जिले के भरथल गांव में रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) के पद पर तैनात 30 वर्षीय नाजिया खानम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने नाजिया के पिता की शिकायत पर उनके पति और ससुराल वालों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। परिवार ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस के मुताबिक, नाजिया की शादी 11 अप्रैल को मुस्लिम रीति-रिवाज से आजम अली खान के साथ हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही नाजिया को पति, सास और ससुर की ओर से कथित तौर पर परेशान किया जाने लगा था। शिकायत में गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। परिवार का कहना है कि नाजिया को घर से निकालने और जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं।

तीन महीने की गर्भवती थीं नाजिया

परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नाजिया करीब तीन महीने की गर्भवती थीं। आरोप है कि गर्भावस्था के बावजूद उनके साथ कथित प्रताड़ना जारी रही। परिवार के अनुसार, नाजिया फोन पर समय-समय पर अपने साथ हो रहे व्यवहार की जानकारी देती थीं। 21 अगस्त की सुबह करीब चार बजे नाजिया के ससुर ने उनके मायके वालों को फोन कर उनकी मौत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। भरथल गांव स्थित फ्लैट में नाजिया का शव पंखे से लटका हुआ मिला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिवार ने जताया हत्या का शक

नाजिया के परिजनों ने उनकी मौत को लेकर गंभीर आशंका जताई है। उनका आरोप है कि लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण नाजिया को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया हो सकता है। परिवार ने यह आशंका भी जताई है कि उनकी हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई हो। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 108 के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस ससुराल पक्ष से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

फिलहाल नाजिया की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *